वरुण धवन की टॉप ओपनिंग के बराबर दूसरे हफ्ते में कमा रही 'पुष्पा 2', क्या 'बेबी जॉन' कर पाएगी धमाका?

'बेबी जॉन' क्रिसमस की छुट्टी के दिन, बुधवार को रिलीज हो रही है. वरुण की फिल्म को इस छुट्टी का फायदा तो मिलेगा ही, लेकिन 'पुष्पा 2' का ट्रेंड बताता है कि छुट्टी वाले दिन इसका क्रेज भी असरदार रहेगा. ऐसे में वरुण की फिल्म के सामने चैलेंज तगड़ा है.

Advertisement
'बेबी जॉन' में वरुण धवन 'बेबी जॉन' में वरुण धवन

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 21 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 10:30 AM IST

बॉलीवुड स्टार वरुण धवन की फिल्म 'बेबी जॉन' थिएटर्स में रिलीज होने के लिए तैयार है. क्रिसमस के मौके पर आ रही इस फिल्म का ट्रेलर देखकर जनता काफी इम्प्रेस हुई थी. इस फिल्म के प्रोड्यूसर एटली हैं जिन्होंने पिछले साल सुपरस्टार शाहरुख खान को उनके करियर की सबसे बड़ी हिट 'जवान' दी है. लेकिन इस बार उन्होंने फिल्म खुद नहीं डायरेक्ट की है और अपने फेवरेट असिस्टेंट डायरेक्टर कलीस को ये मौका दिया है. 

Advertisement

हालांकि, 'बेबी जॉन' का ट्रेलर देखते हुए जनता को इसमें एटली की छाप पूरी नजर आई. 'बेबी जॉन' के लिए बॉलीवुड फिल्म लवर्स तो काफी एक्साइटेड हैं मगर इस फिल्म के सामने एक बहुत बड़ा चैलेंज भी थिएटर्स में मौजूद होगा, जिसका नाम है 'पुष्पा 2'. 

वरुण को करना होगा अल्लू अर्जुन के तूफान का सामना 
पैन इंडिया स्टार अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पुष्पा 2' दिसंबर की शुरुआत में रिलीज हुई थी. शुक्रवार से बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का तीसरा हफ्ता शुरू होने जा रहा है, लेकिन ये स्लो पड़ने का नाम नहीं ले रही. गुरुवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 14 करोड़ का कलेक्शन किया. अब 15 दिन में ऑलमोस्ट 633 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ 'पुष्पा 2' अब सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन चुकी है. अभी भी अल्लू अर्जुन की फिल्म वर्किंग डेज में तो मजबूत बनी ही हुई है, मगर पिछले वीकेंड की तरह इस वीकेंड पर भी इसका क्रेज एक बार फिर बढ़ेगा. 

Advertisement

'बेबी जॉन' क्रिसमस की छुट्टी के दिन, बुधवार को रिलीज हो रही है. वरुण की फिल्म को इस छुट्टी का फायदा तो मिलेगा ही, लेकिन 'पुष्पा 2' का ट्रेंड बताता है कि छुट्टी वाले दिन इसका क्रेज भी असरदार रहेगा. ऐसे में सारा मसला यहां फंसने वाला है कि नई फिल्म 'बेबी जॉन' के सामने ऑलमोस्ट 3 हफ्ते पुरानी 'पुष्पा 2' को कितनी स्क्रीन्स मिलती हैं. 

स्क्रीन्स को लेकर शुरू हो चुका है पंगा 
'पुष्पा 2' ने दूसरे हफ्ते में भी धमाकेदार कमाई की है. ऐसे में सीधा लॉजिक है कि जब फिल्म कमाई कर रही है तो इसके मेकर्स स्क्रीन्स कम करने के लिए क्यों राजी होंगे! बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सामने आया कि 'पुष्पा 2' के डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी ने सभी फिल्म प्रदर्शकों से ये डिमांड की थी कि वो नए हफ्ते में यानी इस शुक्रवार से अगले गुरुवार तक, दोनों फिल्मों (पुष्पा 2 और बेबी जॉन) को बराबर स्क्रीन्स देंगे. 

इसका मतलब ये है कि नई फिल्म 'बेबी जॉन' की रिलीज वाले दिन, इसे प्रायोरिटी देने के लिए, 'पुष्पा 2' की स्क्रीन्स नहीं घटाई जा सकती. लेकिन नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर इस शर्त पर राजी नहीं हा क्योंकि उत्तर भारत में 'बेबी जॉन' के डिस्ट्रीब्यूटर वो खुद हैं. भला अपनी फिल्म को अपने ही थिएटर्स में ज्यादा स्क्रीन्स देने की कोशिश वो क्यों ना करें! ये मसला इस तरह फंसा कि गुरुवार को कुछ देर के लिए, पीवीआर और बाकी मल्टीप्लेक्स चेन्स में नए हफ्ते के लिए 'पुष्पा 2' की बुकिंग ही रोक दी गई थी. मतलब सीधा है कि 'बेबी जॉन' को स्क्रीन्स मिलना आसान नहीं होने वाला. 

Advertisement

वरुण धवन की ओपनिंग और 'पुष्पा 2' का दूसरा हफ्ता
अकेले लीड स्टार के तौर पर वरुण के करियर के टॉप 3 ओपनिंग कलेक्शन देखिए:

1. कलंक- 21.60 करोड़ रुपये
2. जुड़वा 2- 16.10 करोड़ रुपये
3. ABCD 2- 14.30 करोड़ रुपये

'पुष्पा 2' ने सोमवार को 20 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन किया था और गुरुवार को 14 करोड़. वीकेंड में जंप मिलने के बाद कलेक्शन और बढ़ेगा ही. यानी वरुण की फिल्मों को जिस रेंज में ओपनिंग मिली है, लगभग उतना कलेक्शन 'पुष्पा 2' दूसरे हफ्ते में हर दिन करती रही है. ऐसे में सीधा लॉजिक है कि क्रिसमस की छुट्टी वाले दिन अगर 'पुष्पा 2' का स्क्रीन, 'बेबी जॉन' के मुकाबले बहुत कम नहीं हुआ तो ये सॉलिड टक्कर देगी. 

वरुण धवन ने 2012 में डेब्यू के बाद से ही ऐसी फिल्में करने की कोशिश की है जो उन्हें हर तरह की ऑडियंस तक पहुंचाएं और सिर्फ शहरी, मल्टीप्लेक्स ऑडियंस तक ना सीमित रखें. बीच-बीच में उन्होंने 'बदलापुर' और 'अक्टूबर' जैसी फिल्में भी कीं जो उनकी एक्टिंग को जनता के सामने रखती रहें. मगर उनकी फिल्मों की लिस्ट में मास ऑडियंस तक पहुंचने की कोशिश नजर आती है. हालांकि अभी तक उन्हें एक पक्की मास एक्शन फिल्म नहीं मिली थी. और इस मामले में 'बेबी जॉन' दमदार लग रही है. 

Advertisement

वरुण ने हाल ही में अमेजन प्राइम की सीरीज 'हनी बनी' में एक्शन भरा रोल किया था जिसमें जनता ने उनकी इंटेंसिटी को पसंद किया. ऐसे में 'बेबी जॉन' इसके बाद एक परफेक्ट फिल्म साबित हो सकती है. एटली का नाम ये भरोसा दिलाने के लिए काफी है कि फिल्म में एंटरटेनमेंट तो भरपूर होगा. 

ऊपर से फिल्म में सलमान खान के कैमियो का भी इंतजार किया जा रहा है. 'बेबी जॉन' अगर 'पुष्पा 2' के सामने डटे रहने में कामयाब होती है, तो रिलीज के बाद इसे इसके हिस्से की ऑडियंस मिली ही जाएगी. बस खेल पहले दिन का है, देखते हैं थिएटर्स में क्रिसमस पर क्या खेल होता है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »