बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में नया अपडेट सामने आया है. बरौदा से मुंबई पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार किया है. गोहाना पुलिस और मुंबई पुलिस ने अंकित नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. मुंबई पुलिस ने आरोपी को गोहाना कोर्ट में पेश कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया है.
एक और गिरफ्तारी...
जानकारी के मुताबिक, अंकित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राइट हैंड अनिल पंडित के संपर्क में था. अंकित पर प्लान में शामिल होने का आरोप है. अंकित और अनिल पंडित के बीच पैसों का लेन-देन भी पाया गया. इस केस में पुलिस ने कोटा से 3 शूटरों को गिरफ्तार किया था. बीती रात मुंबई पुलिस करीबन 17 घंटों का सफर तय कर तीनों आरोपियों को कोटा से मुंबई लेकर आई. उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल और फिर एंटी एक्सटॉर्शन सेल लाया गया. तीनों आरोपी फिलहाल मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल की हिरासत में हैं. आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है.
आरोपियों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. टाइगर श्रॉफ पर हमले का मास्टरमाइंड अभी तक अनिल पंडित नजर आया है. उसकी शूटर रेहान से भी बात हुई थी. अब अंकित से भी उसकी बातचीत होने की जानकारी सामने आई है. बीती रात दिल्ली पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था. इस केस में अभी तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजतिलक रोशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दो आरोपी अमृतसर गए थे, जहां से वे हथियार लेकर आए. इसके बाद दो अन्य महिलाओं ने उन हथियारों को मुंबई लाकर शूटर्स को सौंपा. इस मामले में एक और आरोपी साजिश रचने और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी मदद करने में शामिल था.
टाइगर नहीं कोई और था निशाना
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में टाइगर नहीं बल्कि बॉलीवुड के किसी बड़े सितारे पर हमला करने की साजिश रची गई थी. लेकिन जैसी ही शूटर्स मुंबई पहुंचे, तो उस स्टार की कड़क सिक्योरिटी देखकर शूटर्स ने प्लान चेंज किया. फिर उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर हमले की योजना बनाई. चर्चा तो ये भी है कि टाइगर के शूटर्स ने सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी. लेकिन उनकी सिक्योरिटी देखकर वहां से चले गए.
ऐसे में सबसे जहन में बस यही सवाल है- क्या शूटर्स का असली निशाना सलमान खान थे? टाइगर पर हुई फायरिंग के बाद से सलमान की पर्सनल और उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट की सिक्योरिटी को बढ़ा दिया गया है.
पवन राठी / सुरेंद्र कुमार वर्मा