साउथ सुपरस्टार समांथा रुथ प्रभु ने आखिरकार अपनी प्रेग्नेंसी की खबर पर मुहर लगा दी है. पिछले कई दिनों से उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब खुद एक्ट्रेस ने इसकी पुष्टि कर दी है. समांथा जल्द ही मां बनने वाली हैं और उन्होंने बताया है कि आने वाले दिनों में वह मैटरनिटी ब्रेक लेंगी.
समांथा की प्रेग्नेंसी कंफर्म
फिल्म 'मा इंटी बंगारम' की सक्सेस मीट के दौरान मीडिया से बातचीत में समांथा ने कहा, "मा इंटी बंगारम के बाद मुझे थोड़ा ब्रेक लेना पड़ेगा, क्योंकि मेरी मौजूदा स्थिति ऐसी है. मुझे मैटरनिटी लीव पर जाना होगा. उसके बाद मैं अपने फैंस के लिए एक नई फिल्म के साथ वापस लौटूंगी.
समांथा के इस बयान के बाद उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर चल रही सभी चर्चाओं पर विराम लग गया है. दरअसल, फिल्म की सक्सेस पार्टी के दौरान सामने आए कुछ वीडियो और तस्वीरों में फैंस को उनका बेबी बंप नजर आया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया था.
समांथा का सपना हुआ पूरा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, समांथा इस समय अपनी प्रेग्नेंसी के शुरुआती चरण यानी फर्स्ट ट्राइमेस्टर में हैं. सूत्रों का दावा है कि वह और उनके पति राज निदिमोरू इस खुशखबरी को लेकर बेहद उत्साहित हैं. बताया जा रहा है कि समांथा हमेशा से मां बनना चाहती थीं और यह पल उनके लिए बेहद खास है. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी डिलीवरी दिसंबर 2026 में हो सकती है.
फिल्म की डायरेक्टर नंदिनी रेड्डी ने भी समांथा की प्रेग्नेंसी पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा- समांथा की जिंदगी में यह खुशखबरी ऐसे समय आई है, जब हमारी फिल्म 'मा इंटी बंगारम' भी बड़ी सफलता हासिल कर रही है.
दिलचस्प बात यह है कि सक्सेस मीट में समांथा का बेबी बंप छिपाने की बजाय खुलकर नजर आया था. नंदिनी रेड्डी ने बताया कि यह एक सोच-समझकर लिया गया फैसला था.
पिछले साल ही की थी शादी
समांथा ने दिसंबर 2025 में फिल्ममेकर राज निदिमोरू से कोयंबटूर के ईशा योग केंद्र स्थित लिंग भैरवी मंदिर में बेहद निजी समारोह में शादी की थी. दोनों की मुलाकात वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' के दौरान हुई थी, जहां समांथा ने 'राजी' का यादगार किरदार निभाया था.
वर्कफ्रंट की बात करें तो समांथा की हालिया रिलीज फिल्म 'मा इंटी बंगारम' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने रिलीज के बाद दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. ऐसे में प्रोफेशनल सफलता और निजी जिंदगी की इस बड़ी खुशी ने समांथा के लिए साल 2026 को बेहद खास बना दिया है.
अब फैंस भी बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब समांथा अपने पहले बच्चे का स्वागत करेंगी. साथ ही एक्ट्रेस ने यह भी साफ कर दिया है कि मैटरनिटी ब्रेक के बाद वह फिल्मों में दमदार वापसी करेंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क