नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है. वहीं, फिल्म की स्टारकास्ट भी प्रमोशन में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. हाल ही में 'रामायण' की टीम अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के सेट पर पहुंची. यहां फिल्म से जुड़ी दिलचस्प बातों के साथ-साथ एक्टर्स की निजी जिंदगी को लेकर भी कई सवाल पूछे गए. इसी दौरान अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से उनके होने वाले जीवनसाथी की खूबियों के बारे में सवाल किया, जिसका एक्ट्रेस ने बेबाकी से जवाब दिया.
हाल ही में साई पल्लवी, रणबीर कपूर और रवि दुबे 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर पहुंचे, जहां तीनों ने अमिताभ बच्चन के साथ खूब बातचीत की. इस दौरान साई ने बताया कि वह अपने जीवनसाथी में कैसी खूबियां देखना चाहती हैं. एक्ट्रेस के मुताबिक, उनका पार्टनर अच्छा इंसान होने के साथ-साथ खाना बनाना भी जानता हो, तो यह उनके लिए सोने पर सुहागा होगा.
साई पल्लवी को पार्टनर में चाहिए ये खूबियां
अमिताभ बच्चन के सवाल पर साई पल्लवी ने कहा, "सबसे पहले उसे एक अच्छा इंसान होना चाहिए. वह बहुत ज्यादा सेल्फ-सेंटर्ड नहीं होना चाहिए. उसे अपने कामों के बारे में सोचना चाहिए और यह समझना चाहिए कि वह जिंदगी में कहां खड़ा है. उससे गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उसे अपनी गलतियों को स्वीकार करना भी आना चाहिए. ऐसा नहीं होना चाहिए कि वह हर गलती के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराए."
साई पल्लवी की पसंद की बात करें, तो उनके लिए जीवनसाथी का अच्छा इंसान होना सबसे ज्यादा मायने रखता है. हालांकि, अगर उनके पार्टनर को खाना बनाना भी आता है, तो यह उनके लिए एक अतिरिक्त खूबी होगी.
मेडिकल की पढ़ाई छोड़ एक्टिंग को चुना
साई पल्लवी सिर्फ एक्टिंग में ही माहिर नहीं हैं, बल्कि पढ़ाई में भी एक ब्राइट स्टूडेंट रही हैं. उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की है. ऐसे में शो के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने उनसे मेडिकल की पढ़ाई के बाद एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने के फैसले के बारे में पूछा, तो एक्ट्रेस ने दिलचस्प जवाब दिया.
साई ने कहा, "भगवान ने ही लिख दिया था कि मुझे एक्टिंग करनी है." उनकी यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन भी हैरान रह गए. वहीं, रणबीर कपूर ने अपने मजाकिया अंदाज में बातचीत को आगे बढ़ाया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "भगवान के प्रिस्क्रिप्शन में लिखा था, सर, कि इन्हें एक्टिंग करनी है." रणबीर की इस मजेदार बात को सुनकर सेट पर मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
माता सीता का किरदार निभाने के लिए तुरंत भर दी हामी
साई पल्लवी ने फिल्म 'रामायण' में माता सीता का किरदार मिलने के अनुभव को भी साझा किया. उन्होंने अमिताभ बच्चन को बताया कि आमतौर पर जब भी उन्हें कोई किरदार ऑफर किया जाता है, तो वह सोचती हैं कि अपनी एक्टिंग के जरिए उस किरदार में नया क्या जोड़ सकती हैं. लेकिन माता सीता की भूमिका को लेकर उनका नजरिया बिल्कुल अलग था.
एक्ट्रेस ने कहा, "मैं इस बार अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं करना चाहती थी. जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं, तो सोचती हूं कि मैं उस किरदार को क्या दे सकती हूं. लेकिन पहली बार मैंने सोचा कि माता सीता जैसा किरदार निभाकर मैं क्या हासिल कर सकती हूं और मुझे इससे क्या सीखने को मिलेगा."
साई पल्लवी के लिए माता सीता का किरदार किसी आम फिल्मी भूमिका से कहीं बढ़कर था. इस किरदार को स्वीकार करने से पहले उन्हें ज्यादा सोच-विचार करने की जरूरत नहीं पड़ी. उन्होंने माता सीता से प्रार्थना की और इस भूमिका के लिए तुरंत हामी भर दी.
'रामायण' में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट
निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे.
फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज 5 नवंबर को निर्धारित है, जबकि दूसरे पार्ट के अगले साल दिवाली के आसपास रिलीज होने की उम्मीद है. ऐसे में दर्शकों को इस भव्य पौराणिक गाथा के बड़े पर्दे पर आने का बेसब्री से इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क