'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' ने 9वें दिन की ओपनिंग से भी ज्यादा कमाई, द कश्मीर फाइल्स-केरला स्टोरी से भी तगड़ी ग्रोथ

करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का क्रेज थिएटर्स में अलग लेवल पर चल रहा है. पहले हफ्ते में सॉलिड कमाई करने वाली फिल्म से, दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर डटे रहने की उम्मीद सबको थी. मगर इस शनिवार तो फिल्म की कमाई ऐसी बढ़ी है कि किसी ने भी नहीं सोचा होगा.

Advertisement
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में रणवीर सिंह. आलिया भट्ट 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में रणवीर सिंह. आलिया भट्ट

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 06 अगस्त 2023,
  • अपडेटेड 10:08 AM IST

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की स्टारर 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' थिएटर्स में शानदार कमाई कर रही है. डायरेक्टर करण जौहर की इस फिल्म में, बॉलीवुड का ट्रेडमार्क 'फील गुड' फील है और ये जनता को खूब पसंद आ रहा है. फिल्म में आलिया और रणवीर की केमिस्ट्री जितनी पसंद की जा रही है. उतना ही फैमिली ड्रामा भी माहौल बना रहा है. करण ने एक लव स्टोरी के बहाने 'रॉकी और रानी' में जो मैसेज दिए हैं, वो भी जनता का दिल जीत रहे हैं. 

Advertisement

इस साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में से एक 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने की उम्मीद थी. लेकिन फिल्म की ओपनिंग उम्मीद से थोड़ी फीकी रही. मगर दूसरे दिन से रणवीर आलिया की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा जंप लिया कि सब हैरान रह गए. पहले वीकेंड और एक हफ्ते के अंत में इसकी कमाई बहुत सॉलिड रही. जनता में फिल्म को लेकर जो माहौल है, उससे ये पूरी उम्मीद थी कि दूसरे हफ्ते भी ये बॉक्स ऑफिस पर कमाल करेगी. इस उम्मीद पर 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' पूरी तरह खरी उतर रही है. 

शनिवार को तगड़ा जंप
करण जौहर की फिल्म ने दूसरे हफ्ते की शुरुआत सॉलिड अंदाज में की. गुरुवार को 6.21 करोड़ कमाने वाली फिल्म ने, दूसरे शुक्रवार को थोड़ा सा जंप लिया और 6.75 करोड़ का कलेक्शन किया. लेकिन शनिवार को तो फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ही खड़ा कर दिया. 9वें दिन 'रॉकी और रानी' ने थिएटर्स में जबरदस्त भीड़ जुटाई. बॉक्स ऑफिस की शुरूआती रिपोर्ट्स बता रही हैं कि दूसरे शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में 70 से 80 प्रतिशत तक का जंप आया है. 

Advertisement

रिपोर्ट्स बताती हैं कि शनिवार को 'रॉकी और रानी' का कलेक्शन 11 से 12 करोड़ के बीच हुआ है. शुक्रवार के मुकाबले शनिवार का ये कलेक्शन बहुत जोरदार है. रविवार को फिल्म की कमाई में और भी बड़ा जंप आने की उम्मीद है. 

बड़ी हिट्स को भी नहीं मिला ऐसा जंप
लॉकडाउन के बाद रिलीज हुई हिट फिल्मों की बात करें, तो दूसरे शुक्रवार-शनिवार में सबसे बड़ा जंप लेने वाली फिल्में 'दृश्यम 2' और 'भूल भुलैया 2' हैं. अजय देवगन की 'दृश्यम 2' ने दूसरे शनिवार को, शुक्रवार के मुकाबले ऑलमोस्ट 80% ज्यादा कमाई की थी. दूसरे शुक्रवार को 6.52 करोड़ कमाने वाली 'भूल भुलैया 2' ने, लगभग 74% के जंप के साथ, शनिवार को 11.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. 'पठान' 'तू झूठी मैं मक्कार' और 'जरा हटके जरा बचके' का दूसरा शनिवार 65% के करीब जंप लेकर आया था. 

लॉकडाउन के बाद आईं सबसे बड़ी सरप्राइज हिट 'द कश्मीर फाइल्स' का दूसरा शनिवार, शुक्रवार से करीब 30% से ज्यादा कमाई लेकर आया था. बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से सभी को सरप्राइज करने वाली 'द केरला स्टोरी' के लिए भी ये जंप 50% से थोड़ा ज्यादा था.

फाइनल आंकड़ों में 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का कलेक्शन और भी बेहतर नजर आ सकता है. अभी तक 9 दिन में करण जौहर की फिल्म ने 90 करोड़ से ज्यादा, नेट इंडिया कलेक्शन कर लिया है. रविवार को एक बार फिर से रणवीर और आलिया की फिल्म तगड़ी कमाई करने वाली है. ये देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे वीकेंड में इसका कलेक्शन कितना होगा. 

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »