20 अप्रैल को रितेश देशमुख की अपकमिंग फिल्म 'राजा शिवाजी' का ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया है. रितेश एक भव्य ऐतिहासिक कहानी को थिएटर्स में लाने की तैयारी कर रहे हैं. पर अब ये फिल्म एक्टर के लिए थोड़ी पर्सनल हो चुकी है, क्योंकि 'राजा शिवाजी' से उनका 10 साल का बेटा राहिल अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहा है.
रितेश के बेटे का डेब्यू
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा के छोटे बेटे राहिल देशमुख 'राजा शिवाजी' फिल्म से एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं. फिल्म में वो छोटे छत्रपति शिवाजी महाराज के रोल में नजर आएंगे.
सोमवार को मुंबई में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. ट्रेलर में फैन्स को रितेश और जेनेलिया के लाडले राहिल की झलक देखने को मिली. फिल्म के शुरुआती सीन्स में राहिल को 'स्वराज' के बारे में बात करते देखा जा सकता है, जो दर्शकों को सीधे छत्रपति शिवाजी के गौरवशाली युग में ले जाता.
कहानी आगे बढ़ती है. इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज के युवा से वयस्क होने के सफर को रितेश देशमुख पर्दे पर जीवित करते नजर आए. फिल्म में जेनेलिया शिवाजी महाराज की पत्नी सईबाई के रोल में दिखेंगी. ट्रेलर लॉन्च पर रितेश देशमुख और जेनेलिया भावुक होते नजर आए. दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े. रितेश ने कहा कि मैं संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और पूरी 'राजा शिवाजी' टीम का बहुत शुक्रगुजार हूं, जो इस मूवी का हिस्सा बने.
रितेश देशमुख और जेनेलिया ने फिल्म में सिर्फ एक्ट ही नहीं किया है, बल्कि वो इसके प्रोड्यूसर भी हैं. उनके बेटे की बात करें, तो राहिल का जन्म 2016 में हुआ था. वो रितेश और जेनेलिया के छोटे बेटे हैं. राहिल के बड़े भाई रियान का जन्म 2014 में हुआ था. दोनों भाइयों को अकसर पेरेंट्स के साथ इवेंट और एयरपोर्ट पर स्पॉट किया जाता है. रितेश और जेनेलिया के बेटे अपने संस्कारों से फैन्स का दिल जीत लेते हैं.
10 साल के राहिल को पर्दे पर देखना दिलचस्प होने वाला है. रितेश के लाडले के डेब्यू से फैन्स को काफी उम्मीद है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क