बॉलीवुड के चहेते कपल रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा रविवार को मुंबई के एक रेस्टोरेंट के बाहर एक पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे. हमेशा की तरह रेस्टोरेंट से बाहर निकलते ही पैपराजी ने उन्हें अपने कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया. इसी बीच एक ऐसी घटना घटी, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया.
दरअसल वहां मौजूद कुछ छोटे बच्चों की मदद के लिए एक फोटोग्राफर ने आगे आकर रितेश देशमुख को कुछ पैसे उधार दिए. अब रितेश उस फोटोग्राफर का उधार चुकाना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो शेयर करके फैंस से उसका कांटेक्ट नंबर मांगा है.
क्यों दिए रितेश देशमुख को पैसे?
जब पैपराजी रितेश की तस्वीरें क्लिक कर रहे थे, तभी कुछ छोटे बच्चे उनके पास पहुंचे और उनसे पैसे मांगने लगे. उस वक्त रितेश की जेब में कैश (नकद पैसे) मौजूद नहीं था. अपने पसंदीदा सितारे को इस स्थिति में देख वहां मौजूद एक पैपराजी फोटोग्राफर तुरंत आगे आया और रितेश की तरफ से उन बच्चों को पैसे दे दिए. रितेश ने इस नेक काम के लिए तुरंत उस फोटोग्राफर को धन्यवाद कहा, लेकिन बात वहीं खत्म नहीं हुई. अब रितेश ने अपने इंस्टाग्राम पर उसी फोटोग्राफर की तस्वीर शेयर की है और लोगों से उसका नंबर ढूंढने में मदद मांगी है.
उधार चुकाने के लिए बेताब हैं रितेश देशमुख
सोशल मीडिया पर फोटोग्राफर की तस्वीर पोस्ट करते हुए रितेश देशमुख ने मैसेज लिखा. उन्होंने लिखा, 'भाऊ, धन्यवाद. कृपया मुझे इनका नंबर ढूंढने में मदद करें. उन्होंने मेरी तरफ से बच्चों को पैसे दिए थे, और मुझे उनका यह उधार चुकाना है.' अब रितेश की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है, क्योंकि वे उस छोटे से उधार को भी हर हाल में लौटाना चाहते हैं.
रितेश देशमुख का वर्कफ्रंट
बात करें रितेश देशमुख के फिल्मी सफर की, तो हाल ही में उन्होंने एक मराठी फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों और आलोचकों से बहुत शानदार रिस्पॉन्स मिला. इसके अलावा वे हाल ही में रिलीज हुई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'धमाल 4' में भी अपनी बेहतरीन टाइमिंग से फैंस का मनोरंजन करते हुए नजर आए हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क