बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस रेखा ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. मगर उनकी एक फिल्म की बड़ी चर्चा रही, जो अपने समय से काफी आगे की कहानी लेकर आई थी. साल 1984 में रेखा ने फिल्म उत्सव में काम किया था, जो एक वैश्या की कहानी है. 80 के दशक में फिल्म के अंदर कई सारे इंटीमेट और बोल्ड सीन्स शामिल थे. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी.
रेखा की इस फिल्म में उनके साथ शेखर सुमन भी थे, जिनकी ये डेब्यू फिल्म थी. एक्टर ने तब रेखा के साथ कई बोल्ड सीन्स दिए, जो उस दौरान एक बहुत बड़ी सुपरस्टार थीं. हाल ही में स्क्रीन संग बातचीत में शेखर सुमन ने रेखा संग दिए इंटीमेट सीन्स पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे एक्ट्रेस ने उनपर भरोसा जताया, जबकि वो अपनी पहली फिल्म में काम कर रहे थे.
रेखा की तारीफ में बोले शेखर सुमन
शेखर सुमन ने रेखा के लिए कहा- रेखा जी ने मुझे सेट पर शुरुआत से ही काफी कंफर्टेबल महसूस कराया. कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जो हर समय अपने स्टारडम का दिखावा करते हैं. उनके साथ हमेशा लोगों की भीड़ रहती है और ऐसा लगता है कि बाकी लोग बस एक कोने में बैठकर उनका रुतबा देखते रहें.
'लेकिन रेखा जी बिल्कुल अलग थीं. वो मेरे पास आकर बैठती थीं, मुझसे बात करती थीं और मुझे सहज महसूस कराती थीं. इसी वजह से कैमरे के सामने जाने से पहले ही मैं पूरी तरह सहज हो चुका था.' फिल्म उत्सव में अपने किरदार को लेकर शेखर सुमन ने फिल्म के डायरेक्टर गिरीश कर्नाड को भी क्रेडिट दिया, जो खुद भी एक बेहतरीन एक्टर रहे.
उन्होंने बताया, 'गिरीश जी ने मुझसे कहा था कि तुम सिर्फ एक किरदार निभा रहे हो. उन्हें रेखा मत समझो, बल्कि वसंतसेना नाम के किरदार के रूप में देखो. इस सलाह ने मेरे लिए काम काफी आसान कर दिया.' शेखर सुमन ने अंत में इंटीमेट सीन की शूटिंग के दौरान रेखा के प्रोफेशनल रवैये की भी सराहना की. उन्होंने कहा, 'इतनी बड़ी स्टार होने के बावजूद उन्होंने कभी कोई नखरे नहीं किए. उन्होंने कभी नहीं कहा कि मुझे यहां मत छुओ या मैं दोबारा रीटेक नहीं दूंगी. वो पूरी तरह नॉर्मल और प्रोफेशनल थीं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क