नितेश तिवारी की फिल्म रामायण पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. इसका कारण सिर्फ यही है कि इसमें हमारे भगवान राम की अद्भुत कहानी को बड़े स्केल पर दिखाया जाएगा. फिल्म में राम की भूमिका रणबीर कपूर निभा रहे हैं. मेकर्स ने अपनी फिल्म की पहली झलक भी कुछ दिन पहले रिलीज की थी, जिसे काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.
रामायण के फर्स्ट लुक टीजर पर कई लोगों ने सवाल उठाए. उन्हें ये AI की मदद से बनाया गया टीजर लगा. चूंकि फिल्म का बजट प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने 4000 करोड़ बताया था, इसलिए इसपर सवाल उठने तय माने गए थे. मगर अब रामायण में रावण की भूमिका निभा रहे यश ने फिल्म के खराब वीएफएक्स का बचाव किया है.
रामायण के वीएफएक्स पर यश की टिप्पणी
यश रामायण को नमित मल्होत्रा के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. इसमें उनका भी पैसा लगा है. हाल ही में वो लॉस एंजेलिस ग्लोबल सिनेमा के सबसे बड़े इवेंट सिनेमाकॉन 2026 में अपनी फिल्म को प्रमोट करने भी गए. वहां यूट्यूब चैनल म्यूस टीवी से बातचीत में एक्टर ने टीजर के वीएफएक्स पर उठे सवालों का जवाब दिया.
जब यश से पूछा गया कि फिल्म से सीन्स काफी फोटोरियलिस्टिक लग रहे हैं, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, 'देखिए वहीं डीनेग कंपनी का काम आगे आता है. नामित, जो मेरे प्रोड्यूसिंग पार्टनर हैं, वो अपनी एक्सपर्टीज के साथ आते हैं. तो जो फोटोरियलिस्टिक विजुअल्स की बात आप कर रहे हैं... उसपर अभी भी काम चल रहा है. मुझे पूरा यकीन है कि फाइनल प्रोडक्ट बन जाने के बाद ये और भी बेहतर हो जाएगा. हम वाकई में एक टॉप-क्लास, बेहतरीन प्रोडक्ट बनाने की कोशिश कर रहे हैं.'
'हम इस पर काम कर रहे हैं, लेकिन आखिरी मिनट तक हम इसे और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे. अभी जो वर्जन हमने देखा है, वो काफी अच्छा है. फिर भी हम अभी भी इस पर लगे हुए हैं. इसे पूरा करके बड़े पर्दे पर देखना बहुत मजेदार लग रहा है. किसी चीज पर विश्वास करना और उसे स्क्रीन पर उतरते देखना सच में रोमांचक होता है. आखिरकार, सभी प्रोड्यूसर और एक्टर्स ये काम अपने लिए भी करते हैं.'
फिल्म रामायण दिवाली 2026 पर रिलीज की जाएगी. इसे दो पार्ट्स में लाया जाएगा, जिसमें रणबीर और यश के अलावा साई पल्लवी, रवि दुबे, सनी देओल, और अरुण गोविल जैसे एक्टर्स नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क