रणबीर वाली रामायण की सोनी पिक्चर्स संग ग्लोबल उड़ान, हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी रिलीज बनने की तैयारी!

रामायण फिल्म का ट्रेलर 24 तारीख को पोस्टपोन किया गया. लेकिन मेकर्स ने ऐसा फैसला सोनी पिक्चर्स संग अपने कोलैब की वजह से लिया. नमित मल्होत्रा अपनी फिल्म को दुनिया के हर कोने में लेकर जाना चाहते हैं, और अब उनका ये बड़ा फैसला हिंदी सिनेमा की तकदीर बदल सकता है.

Advertisement
नमित मल्होत्रा का मास्टर प्लान! (Photo: IMDb) नमित मल्होत्रा का मास्टर प्लान! (Photo: IMDb)

पर्व जैन

  • नई दिल्ली,
  • 25 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:02 AM IST

रणबीर कपूर वाली रामायण अब रिलीज होने के लिए लगभग तैयार है. मेकर्स ने अपनी फिल्म की मार्केटिंग भी लगभग शुरू कर दी है. पिछले हफ्ते दिल्ली में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट रखा गया था, जहां सिर्फ चुनिंदा लोगों को ये दिखाया गया. इंटरनेट की जनता अभी भी रामायण फिल्म के ट्रेलर से अनजान है. हालांकि 24 जुलाई को इसका ट्रेलर रिलीज किया जाना था, लेकिन वो भी कुछ दिनों के लिए पोस्टपोन किया गया. 

Advertisement

प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में जाने से पहले ये ऐलान किया कि उनकी फिल्म रामायण का ट्रेलर अभी नहीं आएगा. वो इसे एक अच्छी सी डेट पर रिलीज करेंगे, क्योंकि उन्होंने अपनी फिल्म की ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए सोनी पिक्चर्स से हाथ मिलाया है. जी हां, वही सोनी पिक्चर्स जिसके बैनर तले स्पाइडरमैन की फिल्में रिलीज होती हैं. अगले हफ्ते सिनेमाघरों में 'स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे' फिल्म भी रिलीज होने जा रही है, जिसका इंतजार सभी को बेसब्री से है. 

सोनी पिक्चर्स संग रामायण की दहाड़

सोनी पिक्चर्स और नमित मल्होत्रा के बीच हुई इस डील की अहमियत बहुत ज्यादा है. सोनी जिनकी फिल्में मिलियन डॉलर्स कमाती हैं, और दुनियाभर से करोड़ों लोग उनकी फिल्में देखते हैं. ऐसे में जब वो लोग रामायण जैसी ऐतिहासिक फिल्म को डिस्ट्रीब्यूट करेंगे, तो उसे इंडियन सिनेमा की तरफ से अभी तक की सबसे बड़ी रिलीज मिलेगी. 

Advertisement

सोनी पिक्चर्स का दुनिया भर में फिल्मों और टीवी कंटेंट को पहुंचाने का बहुत बड़ा नेटवर्क है. कंपनी के 20 देशों में अपने थिएटर डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस हैं और इसका टीवी कंटेंट 150 से ज्यादा देशों में 70 करोड़ (700 मिलियन) से अधिक दर्शकों तक पहुंचता है. वहीं, फिल्मों के डिस्ट्रीब्यूशन की बात करें, तो सोनी अपनी फिल्में और एंटरटेनमेंट से जुड़ा कंटेंट दुनिया के 130–170 से ज्यादा देशों में रिलीज करती है.

रामायण को मिलेगी सबसे बड़ी रिलीज!

इसमें उसका सबसे बड़ा मार्केट अमेरिका, कनाडा, चीन और जापान जैसे देश हैं, जहां सिंगल स्क्रीन थिएटर्स भारी मात्रा में मौजूद हैं. चीन में अगर सोनी पिक्चर्स रामायण को सही ढंग से डिस्ट्रीब्यूट कर सकी, तब इंडियन बॉक्स ऑफिस पर तो छोड़िए ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर फिल्म काफी बड़ी संख्या में कमाई करेगी. आमिर खान की दंगल ने भी चीन में अपनी कमाई से 2000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ था. ऐसे में ये अनुमान लगाना गलत नहीं होगा कि रणबीर वाली रामायण को बॉक्स ऑफिस पर इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग मिलने वाली है.

अगर सोनी पिक्चर्स रामायण फिल्म को डिस्ट्रीब्यूट कर रही है, तो इस बात की भी पूरी उम्मीद की जा सकती है कि स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे के साथ रामायण का भी ट्रेलर दिखाया जाए. स्पाइडरमैन फिल्म इस समय दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म में से एक है, ऐसे में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ये जरूर चाहेंगे कि ज्यादा से ज्यादा लोग उनकी फिल्म का ट्रेलर देखें. हालांकि कुछ भी कंफर्म कह पाना अभी मुश्किल है. 

Advertisement

रामायण से पहले इन फिल्मों को मिली बड़ी रिलीज

हिंदी सिनेमा में अगर सबसे बड़ी रिलीज की अगर बात की जाए, तो शाहरुख खान की कमबैक फिल्म पठान सबसे ऊपर आती है. यश राज फिल्म्स ने इसे 100 से ज्यादा देशों में लगभग 2500 ओवरसीज स्क्रीन्स पर रिलीज किया था. फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये पार पहुंचने में इसके ग्लोबल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का भी बड़ा हाथ था. 

हालांकि पठान के बाद, एस एस राजामौली की अपकमिंग फिल्म वाराणसी का नंबर आने की बात है. रिपोर्ट्स की मानी जाए, तो राजामौली अपनी फिल्म 120 देशों में लगभग 6000 स्क्रीन्स पर रिलीज करेंगे. अभी असली आंकड़े आने बाकी हैं. मगर इस लिहाज से भी राजामौली की वाराणसी, नमित मल्होत्रा की रामायण से पीछे है. 

बात करें फिल्म रामायण की, तो इसे नितेश तिवारी बना रहे हैं. ये एक दो पार्ट्स में आने वाली एपिक फिल्म है, जिसमें यश रावण का रोल निभा रहे हैं. वहीं सीता के रूप में साई पल्लवी, लक्ष्मण में रवि दुबे, हनुमान में सनी देओल नजर आएंगे. इसका पहला पार्ट इसी साल दिवाली पर रिलीज होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »