साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर स्टारर स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म 'पेद्दी' इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर लगातार सुर्खियां बटोर रही है. इसी बीच, फिल्म को लेकर मेकर्स ने बड़ा फैसला लिया है. जिसके मुताबिक ऑडियंस को सिनेमाघरों में अब 'पेद्दी' का एक नया और एक्सटेंडेड वर्जन देखने को मिलेगा, जिसमें कुछ अतिरिक्त फुटेज जोड़े गए हैं.
गुरुवार, 18 जून को सोशल मीडिया पर टीम ने बताया कि फिल्म के थिएट्रिकल वर्शन में 5 मिनट 56 सेकंड के ऐसे सीन जोड़े जा रहे हैं, जो पहले दर्शकों को नहीं दिखाए गए थे. फिल्म के रिलीज होने के कुछ हफ्तों बाद उठाया गया यह कदम बेहद हैरान करने वाला है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि बड़े पर्दे पर नया कंटेंट देखने के लिए दर्शक एक बार फिर सिनेमाघरों का रुख करेंगे.
सोशल मीडिया पर मेकर्स ने किया बड़ा एलान
थिएटर्स में चल रही फिल्म में अचानक करीब 6 मिनट के नए सीन जोड़ने के इस फैसले की जानकारी खुद मेकर्स ने ऑनलाइन शेयर की है. अपडेट शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, "#पेद्दी का अनुभव अब और भी ज्यादा बेहतर हो गया है. गुरुवार से सिनेमाघरों में 5 मिनट 56 सेकंड के नए सीन्स जोड़े जाएंगे.'
जाह्नवी कपूर के किरदार को लेकर छिड़ा था विवाद
बता दें कि एक तरफ जहां 'पेद्दी' बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. वहीं दूसरी तरफ यह फिल्म एक बड़े विवाद के घेरे में भी थी.. फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार को जिस तरह से पर्दे पर पेश किया गया है, उसे लेकर दर्शकों के एक बड़े वर्ग ने कड़ी आपत्ति जताई थी. इस स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा को हाल ही में तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जहां लोगों ने मेकर्स पर जाह्नवी के किरदार 'अचियम्मा' को हाइपर-सेक्शुअलाइज करने का गंभीर आरोप लगाया था.
डायरेक्टर बुची बाबू सना ने मांगी माफी
आलोचना करने वाले दर्शकों और क्रिटिक्स ने फिल्म के उन खास सीन्स की तरफ इशारा किया, जिनमें कैमरे का फोकस जाह्नवी के शरीर के अंगों पर ज्यादा रखा गया था, जबकि मेल लीड एक्टर उनकी सुंदरता के बारे में बात कर रहे थे. इस वजह से सोशल मीडिया पर महिलाओं के ऑब्जेक्टिफिकेशन (वस्तुकरण) और फिल्मों में उनके रिप्रेजेंटेशन को लेकर एक नई बहस छिड़ गई.
इस चौतरफा आलोचना और बढ़ते विवाद के बाद, डायरेक्टर बुची बाबू सना ने खुद सामने आकर माफी मांगी थी. उन्होंने ऑडियंस को भरोसा दिलाया था कि जिन दृश्यों से लोगों को परेशानी हुई है, उनमें जरूरी बदलाव किए जाएंगे. माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए ये बदलाव किया गया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क