बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव बीते कुछ समय से लगातार ट्रोलिंग का सामना कर रहे थे. सोशल मीडिया पर एक्टर का एक वीडियो खूब सुर्खियों में था, जिसमें उनका बदला हुआ लुक देखा गया. राजकुमार का चेहरा भारी और बाल हल्के दिखे, जिससे वो ट्रोल्स के निशाने पर आए. लेकिन अब इस बदले लुक की असली सच्चाई सामने आ गई है.
क्यों बदला राजकुमार का लुक?
राजकुमार राव पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड इंडस्ट्री के सबसे बिजी एक्टर्स में से एक बन गए हैं. जबसे उनकी 'स्त्री 2' ने बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड्स बनाए, तबसे उनकी झोली में लगातार दमदार प्रोजेक्ट्स आ रहे हैं. राजकुमार के टैलेंट को आज हर फिल्ममेकर अपनी फिल्म में इस्तेमाल करना चाहता है. यही कारण है कि उन्हें जल्द दो बायोपिक फिल्मों में देखा जाएगा, जिसके लिए एक्टर ने ये लुक अपनाया है.
इसकी जानकारी खुद राजकुमार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी है. साथ ही एक्टर ने उन ट्रोल्स को भी मुंह तोड़ जवाब दिया, जो बिना कुछ जाने उनका मजाक उड़ाने लगे. राजकुमार ने अपनी इंस्टा पोस्ट में उज्जवल निकम और सौरव गांगुली की फोटो शेयर की और बदले हुए लुक का सच बताते हुए लिखा, 'मेरा वजूद मेरी कला के जरिए है. अभी-अभी अपनी अगली बायोपिक निकम की शूटिंग खत्म की है. हां, इसके लिए मुझे अपने शरीर में बहुत बदलाव करने पड़े और मुझे ऐसे बदलाव करना बहुत पसंद है.'
'मैं प्रोस्थेटिक में विश्वास नहीं करता, जब कि मैं मेहनत से वो लुक हासिल कर सकता हूं. निकम में मैंने ये सब मेहनत से किया है, चाहे वज़न बढ़ाना हो, बूढ़ा दिखना हो या बाल पतले करना हो. मेरे हेयर स्टाइलिस्ट ने तो बाल पतले करने से बहुत मना किया था. पहले भी लोग मना करते थे. बोस के लिए आधे बाल झड़ने जैसा मत करो, इतना वजन मत बढ़ाओ.'
'निकम' बायोपिक के लिए कितना किलो बढ़ाया वजन?
राजकुमार आगे बताते हैं कि उन्हें पहले भी अपने शरीर में बदलाव करने से मना किया गया था. लेकिन उन्होंने हमेशा मैथड एक्टिंग पर विश्वास करके अपने आप को खुद ट्रांसफॉर्म किया. उन्होंने कहा, 'ट्रैप्ड के लिए खाना बंद करके इतना वज़न मत घटाओ या श्रीकांत में कैमरा बंद होने पर भी नेत्रहीन व्यक्ति जैसा व्यवहार मत करो. निकम के लिए मुझे करीब 9-10 किलो वजन बढ़ाना पड़ा. मैं 2 पिज्जा खा रहा था, ढेर सारी मिठाइयां, मेरे फेवरेट आलू पराठे, बिरयानी और किरदार जैसा दिखने के लिए मैंने कोई ग्लैम चीज इस्तेमाल नहीं की.'
'उम्मीद है जब फिल्म जल्दी रिलीज होगी, तो आप सब मेरी ये सारी मेहनत स्क्रीन पर देख पाओगे. और अब ट्रांजिशन का समय है. इन एक्स्ट्रा किलो को घटाना है और तैयार होना है गांगुली मोड में जाने के लिए. हमारे अपने दादा. मैं हमेशा सबसे ज्यादा मेहनत करूंगा ताकि आप लोग मेरे काम से जुड़ें, मजे लें और एंटरटेन हों.'
राजकुमार राव की बायोपिक 'निकम' को जहां मैडॉक फिल्म्स बना रही है. वहीं सौरव गांगुली पर बन रही बायोपिक को लव रंजन बनाने वाले हैं. 'निकम' माना जा रहा है कि इसी साल 2026 में रिलीज की जाएगी. वहीं गांगुली की बायोपिक इस साल शुरू होने के बाद, अगले साल 2027 में कहीं बीच में रिलीज की जाएगी.
aajtak.in