आमिर खान ने यूं तो कई सुपरहिट फिल्में बॉलीवुड को दी हैं. मगर साल 2009 में आई उनकी '3 इडियट्स' फिल्म एक पूरी जेनरेशन के लिए खास मानी जाती है. इस फिल्म की स्टोरी और मैसेज लोगों के दिलों को छू गई थी. आमिर के साथ-साथ आर माधवन और शरमन जोशी की भी बड़ी तारीफ हुई थी.
3 इडियट्स फिल्म ने कलेक्शन के मामले में भी बड़ा धमाका किया था. डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने एक ही झटके में अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्म दे डाली थी. अब वो वही कमाल दोबारा दोहराने की कोशिश करने वाले हैं.
राजकुमार हिरानी ने खोले राज
आमिर खान ने कुछ समय पहले खुद 3 इडियट्स के सीक्वल की अनाउंसमेंट कर दी थी. उन्होंने बताया था कि फिल्म की स्टोरी कॉलेज लाइफ से 10-15 साल आगे जाती है. अब राजकुमार हिरानी ने भी फिल्म के प्लॉट का हिंट दे दिया है. उन्होंने कहा है कि 3 इडियट्स 2 में पहली फिल्म से भी ज्यादा बड़ा मैसेज नजर आएगा.
हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से डायरेक्टर ने कहा- हम अभी भी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं. अभी काफी काम बाकी है. कहानी मेन इस बात पर फोकस करती है कि इन किरदारों (रैंचो, फरहान, राजू) की जिंदगी 15-20 साल बाद कैसी दिखती है. ये कॉलेज या पढ़ाई-लिखाई की कहानी नहीं है. अब ये सभी शादीशुदा हैं और इनके बच्चे भी हैं. वो मिड-लाइफ क्राइसिस से गुजर रहे हैं. ऐसे में सवाल ये है कि अब उनकी जिंदगी में आगे क्या होने वाला है?
पहले पार्ट से तगड़ा होगा मैसेज
फिल्म 3 इडियट्स में 'ऑल इज वेल' लाइन काफी पॉपुलर हुई थी. लेकिन इस बार राजकुमार हिरानी ने कहा है कि उनकी नई फिल्म में इस लाइन से भी बड़ा मैसेज होगा. हालांकि फिल्म की कॉमेडी वही पहले जैसी होगी. अब देखना है कि क्या उनकी 3 इडियट्स 2 भी लोगों को पसंद आएगी या नहीं.
फिलहाल राजकुमार हिरानी अपने बेटे वीर को लॉन्च करने जा रहे हैं. प्रीतम और पेड्रो नाम की वेब सीरीज जियो हॉटस्टार पर आ रही है, जिसमें अरशद वारसी और विक्रांत मैसी होंगे. ये सीरीज 3 जुलाई से स्ट्रीम होनी शुरू होगी, जिसमें क्राइम-थ्रिलर के साथ-साथ कॉमेडी का भी तड़का शामिल किया गया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क