सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर से बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं. उनकी अगली फिल्म जेलर 2 का इंतजार फैंस बड़ी बेसब्री से कर रहे थे और अब फाइनली इसकी रिलीज डेट अनाउंस हो गई है. मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस करने वाला एक धांसू प्रोमो शेयर किया है, जिसमें रजनीकांत के किरदार का फेस भी नहीं रिवील किया गया है. मगर बिना चेहरा दिखाए भी डायरेक्टर नेल्सन ने रजनीकांत को ऐसा धमाकेदार बिल्ड-अप दिया है कि जेलर 2 के लिए इसी से माहौल बन जाएगा.
सन पिक्चर्स ने एक नए प्रोमो वीडियो के साथ जेलर 2 की रिलीज डेट 15 अक्टूबर अनाउंस की है. 2023 में आई रजनीकांत की फिल्म जेलर एक रिटायर्ड जेलर की कहानी है, जिसका पुलिस ऑफिसर बेटा एक स्मगलर वर्मन को दबोचने के चक्कर में शहीद हो जाता है. इसके बाद अपने परिवार को परेशान करते वर्मन को, वो रिटायर्ड जेलर अपना असली भौकाल दिखाना शुरू करता है. जेलर में इस स्मगलर का किरदार जाने-माने साउथ एक्टर विनायकन ने निभाया था. फिल्म के अंत में रजनीकांत के किरदार ने वर्मन को मार डाला था.
जेलर 2 का रिलीज डेट अनाउंसमेंट वीडियो, वर्मन के कैरेक्टर से ही शुरू होता है. वो अपनी मौत से पहले रजनी के किरदार को धमकी दे रहा है— 'मुझे मार के चैन से नहीं जी पाएगा. तुझे पता नहीं मेरे पीछे कितना बड़ा नेटवर्क है. पता भी नहीं चलेगा कौन कहां से आएगा, तेरी जिंदगी के घोड़े खुल जाएंगे!'
वर्मन के इस विलाप के बाद प्रोमो में लाइन से विलेन्स की झलक नजर आती है और फिर अंत में आते हैं सुपरस्टार रजनीकांत, लेकिन उनका फेस रिवील नहीं होता. वो एक लंबी सड़क पर बहुत दूर खड़े हैं, तपती सड़क पर उड़ती गरम हवा के बीच से रजनीकांत की परछाईं नजर आती है. एक बार फिर से अनिरुद्ध रविचंदर के शानदार बैकग्राउंड स्कोर के साथ जेलर 2 ऐसा माहौल बनाता है कि उनके फैंस तो अभी से टिकट बुक करने के लिए रेडी होंगे. यहां देखें जेलर 2 का अनाउंसमेंट वीडियो:
इस साल की सबसे बड़ी फिल्म रामायण दिवाली के मौके पर रिलीज होनी है. इसकी सटीक रिलीज डेट नहीं रिवील की गई है लेकिन माना जा रहा है कि ये 30 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच रिलीज हो सकती है. 15 अक्टूबर को, दशहरे पर रिलीज होने वाली जेलर 2 के सामने कोई बड़ी बॉलीवुड रिलीज नहीं है. हालांकि, 16 अक्टूबर को राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश की फिल्म रफ्तार रिलीज होनी है, लेकिन इससे जेलर 2 को कोई खास टक्कर नहीं मिलने वाली. तमिल के साथ-साथ हिंदी और अन्य भाषाओं में भी रिलीज होने वाली इस फिल्म में रजनीकांत के साथ ऋतिक रोशन भी कैमियो रोल में होंगे.
ऐसे में रामायण की रिलीज से पहले तक जेलर 2 के पास तगड़ी कमाई जुटाने का मौका है. 2023 में 600 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन के साथ जेलर सिर्फ तमिल इंडस्ट्री ही नहीं, इंडिया की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक थी. अब देखना है कि 15 अक्टूबर को जेलर 2 क्या कमाल करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क