रितेश देशमुख का ड्रीम प्रोजेक्ट राजा शिवाजी थिएटर्स में धमाल मचा रहा है. अपने प्रोडक्शन हाउस से मराठी फिल्में प्रोड्यूस कर रहे रितेश, 11 साल से एक ग्रैंड स्केल के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी बड़े पर्दे पर लाने के लिए काम कर रहे थे. 1 मई को राजा शिवाजी, मराठी के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज हुई थी. 100 करोड़ के बजट में बनी राजा शिवाजी सबसे महंगी मराठी फिल्म है और पहले हफ्ते में ही इसने 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. अब दूसरे वीकेंड के साथ तय हो गया है कि रितेश देशमुख की फिल्म, मराठी सिनेमा का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है.
राजा शिवाजी ने दूसरे वीकेंड में भी किया धमाका
पहले हफ्ते में राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर 57 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था. गुरुवार को पहला हफ्ता खत्म होने तक फिल्म का डेली कलेक्शन 4 करोड़ की रेंज में पहुंच गया था. शुक्रवार को 3.5 करोड़ कलेक्शन के साथ राजा शिवाजी ने दूसरा हफ्ता शुरू किया.
शनिवार को बड़े जंप के साथ कलेक्शन 6.3 करोड़ पहुंचा और संडे को फिर से ग्रोथ के साथ 7.60 करोड़ की कमाई हुई. यानी शुक्रवार के मुकाबले राजा शिवाजी का कलेक्शन दोगुना से ज्यादा हो गया. दूसरे वीकेंड में फिल्म ने 17 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया है. राजा शिवाजी ने पहले वीकेंड में 37 करोड़ कमाए थे, यानी दूसरे वीकेंड तक इसकी कमाई 60% से भी कम गिरी है. ये बताता है कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस होल्ड सॉलिड है.
10 साल बाद टूटेगा मराठी सिनेमा का टॉप रिकॉर्ड
मराठी सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म अभी तक 2016 में आई सैराट है. डायरेक्टर नागराज मंजुले की सैराट ने 110 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था. इसके बाद बाईपण भारी देवा (2023) आती है, जिसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 91 करोड़ था. हिंदी और मराठी वर्जन मिलाकर, राजा शिवाजी का नेट कलेक्शन 10 दिनों में 75 करोड़ से ज्यादा हो चुका है.
इसका ग्रॉस कलेक्शन 80 करोड़ से ज्यादा है. जिस तरह राजा शिवाजी आगे बढ़ रही है, उससे अनुमान लगाया जा सकता है कि इसका लाइफटाइम ग्रॉस कलेक्शन 120 करोड़ के पार जा सकता है. अभी दूसरे हफ्ते में चल रही रितेश देशमुख की फिल्म, करीब तीन हफ्तों में सबसे बड़ी मराठी फिल्म बन सकती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क