फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. गाने को अश्लील और आपत्तिजनक बताकर यूट्यूब से हटा दिया गया था. गाने को नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया था. विवाद होने पर नोरा के खिलाफ फतवा भी जारी किया गया था. पूरी कंट्रोवर्सी पर फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने चुप्पी तोड़ी है.
फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने हाल ही में गाने को मिल रहे बैकलैश पर बात की. उन्होंने बताया कि गाने के कन्नड़ बोल उन्होंने खुद लिखे थे, लेकिन हिंदी वर्जन की उन्हें पूरी समझ नहीं थी. प्रेम बोले, आजकल ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध और एलपीजी गैस की कमी जैसे बड़े मुद्दे हैं, जिन पर बात होनी चाहिए. गाने को विवाद बनाने की क्या जरूरत?
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे विवाद से कोई मतलब नहीं. ये इमोशनल फिल्म है और गाना बस एक मजेदार पार्टी नंबर था.कर्नाटक और केरल में गाना खूब पसंद किया गया और उनका इरादा किसी को तकलीफ देने का नहीं था.
नहीं थी हिंदी वर्जन की समझ
डायरेक्टर ने साफ किया कि कन्नड़ बोल उन्होंने लिखे, लेकिन हिंदी वर्जन लिरिसिस्ट रकीब आलम ने ट्रांसलेट किया है. प्रेम बोले कि उन्हें हिंदी बोल की बारीकी पता नहीं थी, जिससे बाद में विवाद हुआ. कन्नड़ वर्जन पर कोई दिक्कत नहीं आई. उन्होंने कहा, मैं हिंदी में फ्लुएंट नहीं हूं, इसलिए ट्रांसलेटेड लाइन्स पूरी तरह समझ नहीं आई. मैं गांव से हूं, जहांं 'नीचे मत गिरा, उठाओ' जैसे शब्द रोजमर्रा की भाषा का हिस्सा हैं.
उन्होंने बताया कि गाने की विवादित लाइन्स बदल दी गई हैं और नया वर्जन सेंसर बोर्ड को भेजा जाएगा. अगर किसी की भावनाएं आहत हुईं, तो वो माफ करें. नोरा फतेही ने भी विवाद पर कहा कि उन्हें हिंदी वर्जन की जानकारी नहीं थी और उन्होंने अपनी इमेज इस्तेमाल की इजाजत भी नहीं दी थी.
'केडी: द डेविल' में ध्रुव सर्जा मुख्य भूमिका में हैं. संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, वी रवि चंद्रन, रमेश अरविंद, रीश्मा नानैया, जिशु सेनगुप्ता और नोरा फतेही भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म 30 अप्रैल 2026 को थिएटर्स में रिलीज होगी.
aajtak.in