हिंदी सिनेमा के बेबाक और दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे हैं. गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के एक सीनियर डॉक्टर ने रविवार को यह खुलासा किया है कि एक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि उनकी मौत दिल का दौरा यानी हार्ट अटैक पड़ने से हुई थी.
डॉक्टर के मुताबिक, उनके दिल की एक मुख्य धमनी (लेफ्ट मेन कोरोनरी आर्टरी) में खून का थक्का जम गया था, जो इस मौत की मुख्य वजह बनी.
कैसे हुई नाना पाटेकर की मौत?
गोवा मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर के अनुसार, नाना पाटेकर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण 'एथेरोस्क्लोरोटिक ऑक्लूसिव कोरोनरी आर्टरी डिजीज के कारण लेफ्ट मेन कोरोनरी आर्टरी थ्रॉम्बोसिस से हुआ एक्यूट मायोकरडियल इन्फार्क्शन' यानी दिल का दौरा बताया गया है. इसे चिकित्सा भाषा में मौत का एक स्वाभाविक कारण माना गया है. डॉक्टर ने साफ किया कि दिल के एक बड़े हिस्से को खून पहुंचाने वाली मुख्य धमनी में अचानक खून का थक्का जम जाने की वजह से उन्हें यह गंभीर अटैक आया था.
क्या हुआ था उस सुबह?
'क्रांतिवीर' और 'खामोशी: द म्यूजिकल' जैसी शानदार फिल्मों में अपनी अदायगी से दर्शकों का दिल जीतने वाले 75 वर्षीय एक्टर पणजी के पास डोना पाउला स्थित अपने घर पर रह रहे थे. 8 अक्टूबर की सुबह जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, तो उनके केयरटेकर ने तुरंत एक प्राइवेट हॉस्पिटल से संपर्क कर एम्बुलेंस की मांग की. चूंकि वह प्राइवेट अस्पताल उनके अपार्टमेंट से महज एक किलोमीटर के भीतर ही था, इसलिए फौरन एम्बुलेंस भेजी गई.
डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए करीब 45 मिनट तक लगातार कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) भी दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. सुबह करीब 5:10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जिसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए GMCH भेज दिया गया था.
पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
नाना पाटेकर के बेटे मल्हार गोवा पहुंचकर अपने पिता का पार्थिव शरीर अपने साथ लेकर आए. उनके शव को पहले पुणे और फिर वहां से उनके डोंजे गांव स्थित फार्महाउस ले जाया गया, जहां उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदा दी गई. इस दुखद घड़ी में उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और मुरलीधर मोहोल, लोकसभा सांसद सुनील तटकरे, NAAM फाउंडेशन के को-फाउंडर व अभिनेता मकरंद अनासपुरे, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे, एक्टर जैकी श्रॉफ सहित राजनीति, सिनेमा और खेल जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क