'चौहान' के टीजर में चुपचाप हुआ बड़ा बदलाव, हटाई गई जीशान अयूब की आवाज, क्या है वजह?

अजय देवगन की आने वाली एक्शन ड्रामा फिल्म 'चौहान' का टीजर रिलीज होने के कुछ दिनों बाद अब इसमें एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मेकर्स ने चुपचाप YouTube पर मौजूद वीडियो के वर्शन को अपडेट कर दिया है.

Advertisement
चौहान के टीजर में हुआ बदलाव (Photo: Screengrab) चौहान के टीजर में हुआ बदलाव (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 11 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:31 PM IST

अजय देवगन की आने वाली एक्शन-ड्रामा फिल्म 'चौहान' को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा है. फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद से ही इसे लेकर ऑनलाइन काफी आलोचना हो रही थी. अब खबर आ रही है कि इस विवाद के बीच मेकर्स ने बिना किसी शोर-शराबे के यूट्यूब पर मौजूद टीजर के वीडियो वर्शन को अपडेट कर दिया है. टीजर में दो बेहद अहम बदलाव देखने को मिले हैं.

Advertisement

पहला बदलाव यह है कि इसके शुरुआती नैरेशन (वॉयसओवर) से मशहूर एक्टर मोहम्मद जीशान अयूब की आवाज को पूरी तरह हटा दिया गया है. वहीं दूसरा बड़ा बदलाव किरदार की मिलिट्री रैंक में किया गया है, जहां पहले इस्तेमाल किए गए शब्द 'मेजर' को अब बदलकर 'कर्नल' कर दिया गया है. 

यूट्यूब पर बदला टीजर
अगर आप इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद ओरिजिनल टीजर की तुलना यूट्यूब पर अभी दिख रहे वर्शन से करेंगे, तो यह अंतर साफ समझ आ जाएगा. टीजर के विजुअल्स यानी वीडियो के दृश्यों में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है, वे बिल्कुल पहले जैसे ही हैं. लेकिन बैकग्राउंड में सुनाई देने वाले शुरुआती मोनोलॉग से जीशान की आवाज गायब है और उसकी जगह किसी दूसरे डबिंग आर्टिस्ट की आवाज जोड़ी गई है. इसके साथ ही टीजर की जो पहली लाइन है, उसमें भी सुधार करते हुए 'मेजर' शब्द की जगह 'कर्नल' बोल दिया गया है.

Advertisement

कश्मीर और पैलेट गन के सीन पर भड़का था विवाद
फिल्म 'चौहान' के टीजर में ये बदलाव पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चल रहे भारी विरोध के बाद सामने आए हैं. दरअसल, टीजर में पैलेट गन का जिक्र किया गया था और साथ ही कश्मीर में सुरक्षा बलों के सामने आम लोगों के टकराव के कुछ दृश्य दिखाए गए थे. इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया. आलोचकों का कहना था कि फिल्म के प्रमोशनल मटीरियल में दिखाए गए ये हिस्से बेहद असंवेदनशील हैं और समाज में बंटवारा पैदा करने का काम कर सकते हैं.

निशाने पर आए थे मोहम्मद जीशान अयूब
इस पूरे विवाद के केंद्र में एक्टर मोहम्मद जीशान अयूब भी आ गए थे. टीजर के शुरुआत में अपनी दमदार आवाज देने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया और तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा. हालांकि, इस पूरे मामले और ट्रोलिंग को लेकर जीशान ने खुद सार्वजनिक रूप से कोई बयान या सफाई नहीं दी है, लेकिन अब यूट्यूब पर अपडेट किए गए नए वर्शन से उनकी आवाज का हटाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है.

दिलचस्प बात यह भी है कि मेकर्स ने यह बदलाव हर जगह लागू नहीं किया है. इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए गए ओरिजिनल टीजर में अभी भी वही पुराना नैरेशन और जीशान अय्यूब की ही आवाज सुनाई दे रही है. ऐसा लगता है कि टीम ने केवल यूट्यूब वर्शन को ही एडिट किया है. इससे यह साफ होता है कि मेकर्स ने सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक तौर पर टीजर को री-रिलीज नहीं किया है, बल्कि सिर्फ एक ही जगह चुपचाप बदलाव करके छोड़ दिया है.

Advertisement

विवाद पर पूरी टीम ने साध रखी है चुप्पी
टीजर में हुए इन बदलावों को लेकर न तो खुद अजय देवगन ने कुछ कहा है और न ही फिल्म के प्रोड्यूसर्स की तरफ से कोई बात सामने आई है. इस प्रोजेक्ट से जुड़े बड़े नाम जैसे जियो स्टूडियोज, कलर येलो प्रोडक्शंस, प्रोड्यूसर आनंद एल राय, राइटर हिमांशु शर्मा और डायरेक्टर नीरज यादव में से किसी ने भी इस पर मुंह नहीं खोला है. चूंकि कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, इसलिए इन बदलावों की असली वजह को लेकर कयासों का बाजार गर्म है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »