मैरी कॉम को Ex-पति ने कोर्ट में घसीटा! लगाए गंभीर आरोप, बिग बॉस से बाहर होंगी बॉक्सर?

मैरी कॉम के पूर्व पति ऑनलर कॉम ने उनके खिलाफ मानहानि का केस किया है. जानें मैरी ने क्या आरोप लगाए थे और अब ऑनलर ने क्यों उठाया ये बड़ा कदम.

Advertisement
मैरी कॉम के आरोपों का Ex-पति ने दिया जवाब! (Photo: ITGD) मैरी कॉम के आरोपों का Ex-पति ने दिया जवाब! (Photo: ITGD)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:31 PM IST

ओलंपिक मेडल विनर और मशहूर बॉक्सर मैरी कॉम इन दिनों बिग बॉस के घर में हैं. लेकिन उनकी निजी जिंदगी की मुश्किलें लगता है थमने का नाम नहीं ले रही हैं. उनके एक्स पति ऑनलर कॉम ने मैरी के खिलाफ क्रिमिनल मानहानि का केस दर्ज कराया है. आरोप है कि मैरी ने टीवी और दूसरे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म्स पर उनके बारे में ऐसी बातें कही, जिससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा.

Advertisement

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत दर्ज किया गया है. इस धारा में दोषी पाए जाने पर दो साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है. मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को होगी.

‘मेरे पास मजबूत केस है...’

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऑनलर कॉम ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वह कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. हालांकि, मामला अदालत में विचाराधीन होने की वजह से उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा- मेरे पास मजबूत केस है. मुझे भारत की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है. मामला विचाराधीन है, इसलिए मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करूंगा.

बताया जा रहा है कि ऑनलर पिछले कुछ समय से मैरी के बयानों को लेकर कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे थे.

Advertisement

मैरी ने लगाए थे करोड़ों की हेराफेरी के आरोप

मैरी कॉम ने पहले ऑनलर पर उनकी आर्थिक संपत्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि उनकी बॉक्सिंग से कमाई गई करोड़ों रुपये की रकम के साथ धोखाधड़ी हुई. मैरी ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी प्रॉपर्टी को गिरवी रखा गया और कुछ संपत्तियां उनकी सही सहमति के बिना ऑनलर के नाम ट्रांसफर कर दी गईं.

हालांकि, ऑनलर ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया है. उन्होंने मैरी के खिलाफ भी कुछ आरोप लगाए और उन्हें अपने दावों को साबित करने की चुनौती दी थी.

पहले चुप रहे, अब मांग रहे हैं माफी और हर्जाना

ऑनलर के करीबी सूत्र के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में मामले को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया था. वह अपनी जिंदगी में और विवाद नहीं चाहते थे. लेकिन बाद में परिवार और दोस्तों की तरफ से भी उनसे सवाल किए जाने लगे कि मैरी द्वारा लगाए गए आरोप आखिर सच हैं या नहीं.

सूत्र का दावा है कि अब ऑनलर मैरी से माफी और हर्जाने की मांग कर रहे हैं. उनका मानना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और इनकी वजह से उन्हें लगातार मानसिक और सामाजिक दबाव झेलना पड़ा. हालांकि, ये आरोप और जवाब दोनों पक्षों के दावे हैं और मामले पर अंतिम फैसला अदालत को करना है.

Advertisement

क्या बिग बॉस से बाहर आ सकती हैं मैरी कॉम?

मैरी कॉम के खिलाफ शुरू हुई यह कानूनी लड़ाई उनके लिए बिग बॉस के घर में भी मुश्किलें खड़ी कर सकती है. अगर मामले की सुनवाई या कोर्ट की किसी जरूरी कार्रवाई के लिए उनकी व्यक्तिगत मौजूदगी जरूरी होती है, तो उन्हें शो से कुछ समय के लिए बाहर आना पड़ सकता है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि उन्हें बिग बॉस से एग्जिट लेना ही पड़ेगा. फिलहाल अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को होनी है और आगे की स्थिति कोर्ट के निर्देशों और शो के नियमों पर निर्भर करेगी.

कैसे शुरू हुई थी मैरी और ऑनलर की लव स्टोरी?

मैरी कॉम और ऑनलर कॉम की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात साल 2000 में दिल्ली में हुई थी. उस वक्त ऑनलर दिल्ली यूनिवर्सिटी की लॉ फैकल्टी में पढ़ाई कर रहे थे. बताया जाता है कि एक प्रतियोगिता के लिए सफर के दौरान मैरी का सामान खो गया था और ऑनलर ने उनकी मदद की थी. इसी मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. करीब पांच साल बाद, 2005 में दोनों ने शादी कर ली.

तीन बेटे और फिर बेटी को लिया गोद

Advertisement

शादी के बाद 2007 में मैरी और ऑनलर जुड़वां बेटों के माता-पिता बने. इसके बाद 2013 में उनके एक और बेटे का जन्म हुआ. मैरी की बेटी की चाहत भी थी. साल 2018 में दोनों ने एक बेटी को गोद लिया.

कभी प्यार और परिवार की मिसाल माने जाने वाले मैरी और ऑनलर का रिश्ता अब कानूनी लड़ाई तक पहुंच चुका है. फिलहाल दोनों के बीच लगाए गए आरोपों और जवाबों पर अदालत की सुनवाई जारी है और अगली तारीख 19 नवंबर 2026 तय की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »