जालंधर के मशहूर 'कुल्हड़ पिज्जा' फेम सहज अरोड़ा की तबीयत बिगड़ने और उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया. खुद सहज ने अपने अकाउंट से एक वीडियो शेयर कर डॉक्टरों द्वारा ब्रेन ट्यूमर बताए जाने की बात कही थी, जिससे उनके फैंस और चाहने वाले काफी परेशान हो गए.
हालांकि, इस पूरे मामले में बाद में सच्चाई कुछ और ही निकलकर सामने आई है. आखिर 'कुल्हड़ पिज्जा' फेम सहज अरोड़ा को क्या हुआ?
जताई अनहोनी की आशंका
अस्पताल से सामने आए वीडियो में सहज अरोड़ा काफी इमोशनल नजर आए. उन्होंने दावा किया कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन ट्यूमर होने की बात कही है और उन्हें डर सता रहा है कि शायद वे अब जिंदा न बचें. बेहद भावुक अंदाज में लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है, तो उनके जाने के बाद लोग उनकी पत्नी को ट्रोल न करें और उन पर किसी भी तरह के कमेंट न करें.
दूर हुई गलतफहमी
सहज के इस भावुक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर एक नया अपडेट जारी किया गया है, जिसमें उनकी बीमारी को लेकर फैली गलतफहमी को दूर किया गया. वीडियो में एक शख्स ने स्थिति साफ करते हुए बताया कि डॉक्टरों को सहज के दिमाग में नहीं, बल्कि अपेंडिक्स की सर्जरी के दौरान उनकी आंत (बाउल) में ट्यूमर होने का शक हुआ है.
हेल्थ अपडेट में आगे बताया गया कि ट्यूमर की बात अभी सिर्फ डॉक्टरों का एक अंदेशा है और इसकी पुष्टि नहीं हुई है. हाल ही में हुई सर्जरी की वजह से फिलहाल डॉक्टर जरूरी टेस्ट नहीं कर सके हैं. अगले 1 से 2 हफ्तों में उनके और भी मेडिकल टेस्ट किए जाएंगे, जिसके बाद ही असली रिपोर्ट और स्थिति सामने आ सकेगी.
डिप्रेशन से जूझ रहे हैं सहज
इस पूरी स्थिति के बीच सहज अरोड़ा भारी मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहे हैं. उनके करीबी ने फैंस और शुभचिंतकों से गुजारिश की है कि वे वाहेगुरु जी से अरदास करें ताकि सभी मेडिकल रिपोर्ट्स ठीक आएं और सहज जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौट सकें.
विवादों से घिरा रहा है कुल्हड़ पिज्जा कपल
आपको बता दें कि जालंधर के सहज अरोड़ा और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर 'कुल्हड़ पिज्जा कपल' के नाम से पूरे देश में मशहूर हैं. यह कपल पहली बार तब सुर्खियों में आया था जब एयर राइफल के साथ उनकी तस्वीरें सामने आई थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद भी यह कपल काफी विवादों में रहा था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क