बॉलीवुड इंडस्ट्री इस समय पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुए अपमान को लेकर काफी गुस्से में नजर आई है. मीका सिंह अपने भाई संग हुए विवाद से काफी नाराज हैं. हर कोई दलेर मेहंदी के सपोर्ट में ही नजर आया है. अब वेटरन फोल्क सिंगर-एक्ट्रेस इला अरुण ने भी उनका समर्थन करने के साथ-साथ इवेंट ऑर्गनाइजर्स को फटकार लगाई है.
कुछ दिन पहले दलेर मेहंदी उत्तराखंड में परफॉर्म कर रहे थे, जहां अचानक उन्हें गाते हुए रोका गया. मंत्री सुबोध उनियाल, जो उस वक्त वहीं मौजूद थे, उन्होंने सिंगर पर आरोप लगाए कि वो नवरात्रि के समय में शराब पीकर परफॉर्म कर रहे थे. इस बात से कई लोगों का गुस्सा फूटा. अब समाचार एजेंसी से बातचीत में इला अरुण ने इस विवाद को अपमानजनक बताया है.
दलेर मेहंदी के लिए क्या बोलीं इला अरुण?
इला अरुण ने कहा- फिल्म इंडस्ट्री, दर्शक और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस घटना से दुखी और नाराज हैं. दलेर मेहंदी मेरे लिए सिर्फ एक अच्छे दोस्त नहीं, बल्कि भाई जैसे हैं. वो एक दिग्गज कलाकार हैं और सूफी व पंजाबी म्यूजिक को लोकप्रिय बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है. हमें ठीक से नहीं पता कि वहां क्या हुआ था, लेकिन उनके खिलाफ जो आरोप लगाए गए और जिस तरह से उनसे बात की गई, वो सही नहीं था.
इला अरुण का कहना है कि अगर प्रोग्राम के ऑर्गनाइजर्स या स्पॉन्सर्स को दलेर मेहंदी की तबीयत या उनकी परफॉर्मेंस को लेकर कोई परेशानी थी, तो वो इस मामले को निजी तौर पर सुलझा सकते थे. वो उनके सेक्रेटरी को बुलाकर बात कर सकते थे. वो उन्हें बता सकते थे कि शायद वो इस हालत में परफॉर्म नहीं कर पाएंगे. उनका मानना है कि हमारे नेताओं की जिम्मेदारी है कि ऐसी परिस्थितियों को सही तरीके से संभाला जाए और सभी का ख्याल रखा जाए.
सिंगर ने आगे कहा कि कलाकार स्वभाव से काफी संवेदनशील होते हैं. इस घटना ने उन्हें हैरान और दुखी कर दिया है. उन्हें इस बात की भी चिंता है कि स्टेज पर हुए इस पूरे मामले का दलेर मेहंदी की सेहत पर क्या असर पड़ सकता था. इला अरुण ने स्टेज पर दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में किसी कलाकार के साथ इस तरह का बर्ताव सही नहीं है.
दलेर मेहंदी की सेहत बिगड़ सकती थी!
उन्होंने कहा- स्टेज पर उनके साथ जो हुआ, वो अपमानजनक था और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए. इस तरह के व्यवहार को सही नहीं ठहराया जा सकता. नेताओं को अगर कोई परेशानी या शिकायत थी, तो वे पर्दे के पीछे बैठकर इस पर बात कर सकते थे. दलेर भाई के लाखों फैंस हैं. अगर उन्हें वहां हार्ट अटैक आ जाता, तो क्या होता? वो इतने बड़े कलाकार हैं. हम मानते हैं कि अगर उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें स्टेज पर नहीं जाना चाहिए था. लेकिन जिस तरह से इस पूरे मामले को संभाला गया, वो सही नहीं था.
इला अरुण ने दलेर मेहंदी को एक लेजेंडरी सिंगर बताते हुए कहा कि उन्होंने उनसे काफी कुछ सीखा है. उन्होंने सिंगर से ये भी कहा कि वो ऐसे मुद्दों को दिल पर ना लें. उनका दिल बहुत बड़ा है, उनका अपमान यानी सबका अपमान है. इला कह रही हैं कि वो उनके साथ खड़ी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क