हरियाणा के गुरुग्राम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक बेहद सख्त और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाकों में शुमार डीएलएफ फेज 3 में शुक्रवार को जिला योजनाकार (डीटीपी) का बुलडोजर गरजा. इस पूरी कार्रवाई के दौरान जो बात सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वो यह कि इसकी जद में बॉलीवुड के मशहूर एक्ट्रेस चंद्रचूड़ सिंह का घर भी आ गया.
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता के बंगले के बाहर नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण किया गया था, जिसे डीटीपी की टीम ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है. इस कार्रवाई का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हटा दिया गया अवैध कब्जा
एक्टर चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर जो पार्किंग एरिया है, वहां नियमों के विरुद्ध जाकर कुछ निर्माण कार्य करवा लिया गया था. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट की जांच में इस हिस्से को पूरी तरह से अवैध और नियमों का उल्लंघन माना गया. शुक्रवार को जब टास्क फोर्स पूरी तैयारी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, तो बिना किसी ढील के इस अवैध हिस्से को ढहाने का काम शुरू कर दिया गया.
रिपोर्ट्स की मानें तो यह कार्रवाई अचानक या बिना किसी सूचना के नहीं की गई है. गुरुग्राम प्रशासन की ओर से इस गैर कानूनी निर्माण को लेकर पहले ही बकायदा कानूनी नोटिस जारी किए गए थे लेकिन तय समय सीमा के अंदर एक्टर या उनकी टीम की तरफ से नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद ही बुलडोजर की कार्रवाई की गई.
अधिकारियों से बात करते दिखे एक्टर
इस पूरी कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर 'Greater Noida West' के ऑफिशियल अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार्रवाई के दौरान खुद चंद्रचूड़ सिंह अपने घर के बाहर सड़क पर खड़े हैं. सफेद टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने चंद्रचूड़ सिंह बेहद शांत तरीके से वहां मौजूद डीटीपी के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं.
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्टर चंद्रचूड़ सिंह वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के पास जाते हैं और उनसे हाथ मिलाते हैं. वे अधिकारियों से अंग्रेजी में कहते हैं, 'हाऊस इज सेफ, दैट्स व्हाट इज इम्पोर्टेंट' (घर सुरक्षित है, यही सबसे ज्यादा जरूरी है). इस पर सामने खड़ा अधिकारी भी उन्हें तसल्ली देते हुए कहता है, 'हाऊस इज सेफ... वेरी सेफ' (घर सुरक्षित है... बिल्कुल सुरक्षित है).
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क