बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार 'इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026' में पहुंचे. एक्टर ने बॉलीवुड फिल्मों से लेकर फिटनेस से जुड़े मुद्दे पर खुलकर बात की. इसके अलावा उन्होंने अपने ससुर और बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को लेकर भी बड़ा दिलचस्प बयान दिया.अक्षय ने बताया कि एक सुपरस्टार के तौर पर राजेश खन्ना का कद जितना बड़ा था, वे उतने ही खुले दिल के इंसान भी थे.
अक्षय ने क्या कुछ कहा?
अक्षय के मुताबिक, उनके ससुर ने उन्हें जो सबक दिए, वे किसी भी किताबी ज्ञान से कहीं ऊपर थे. एक्टर ने बताया कि उन्होंने राजेश खन्ना से यह नहीं सीखा कि सफलता कैसे पानी है, बल्कि यह सीखा कि क्या नहीं करना चाहिए.
अक्षय ने कहा, 'राजेश खन्ना अपनी गलतियों को लेकर बहुत स्पष्ट थे. वे मेरे साथ बैठकर बड़ी ईमानदारी से अपनी उन चूकों और फैसलों के बारे में बात करते थे, जिनका असर उनके करियर या जीवन पर पड़ा. एक नंबर वन सुपरस्टार का अपनी गलतियों को इस तरह स्वीकार करना मेरे लिए सीखने का सबसे बड़ा जरिया बना.'
अक्षय ने सुनाया किस्सा
अपनी यादों के पिटारे को खोलते हुए अक्षय ने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि जब वे छोटे थे, तब अपने माता-पिता के साथ राजेश खन्ना के मशहूर बंगले 'आशीर्वाद' के बाहर पैदल चलकर जाया करते थे. उस समय वे घंटों भीड़ में खड़े रहकर केवल इस बात का इंतजार करते थे कि काश सुपरस्टार की एक झलक दिख जाए.
अक्षय ने मुस्कुराते हुए कहा, 'उस समय जब वे बंगले के बाहर भीड़ का हिस्सा थे, उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि नियति उनके लिए क्या लिखकर बैठी है. मैंने कभी यह कल्पना नहीं की थी कि जिस सुपरस्टार की एक झलक पाने को मैं बेताब रहता था, एक दिन उन्हीं की बेटी, ट्विंकल खन्ना मेरी वाइफ बनेगी.'
aajtak.in