प्रदीप रावत की वजह से आमिर खान को मिली गजनी, डायरेक्टर से हुई थी सिफारिश

आमिर खान की फिल्म गजनी सुपरहिट हुई थी. इसके विलेन की भी तब बड़ी चर्चा हुई थी, जिसे एक्टर प्रदीप रावत ने प्ले किया था. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर प्रदीप रावत ना होते, तो शायद आमिर की जगह गजनी में सलमान खान होते. आखिर हमने ऐसा क्यों कहा? आइए, आपको बताते हैं...

Advertisement
नहीं रहे 'गजनी' (Photo: ITGD) नहीं रहे 'गजनी' (Photo: ITGD)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:02 PM IST

लगान, गजनी, सरफरोश, छावा- ऐसी कई सारी फिल्मों में अहम भूमिका निभाने वाले एक्टर प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे. ब्लड कैंसर की वजह से उनकी 74 साल की उम्र में मौत हो गई. 4 अगस्त 2026 को उनके निधन की खबर सामने आई. वो बॉलीवुड समेत तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम सिनेमा के जाने-माने चेहरे थे. उनके जाने से हर इंडस्ट्री शोक में डूब चुकी है. 

Advertisement

आमिर की गजनी

प्रदीप रावत ने अपने करियर में सबसे बड़ा रोल आमिर खान की फिल्म गजनी में किया था, जो इसी नाम से तमिल फिल्म का रीमेक थी. दोनों ही फिल्मों में वो विलेन बने थे. लेकिन आमिर वाली गजनी से उन्हें ज्यादा पहचान मिली, क्योंकि वो बॉलीवुड की पहली घरेलू मार्केट में 100 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म थी. 

फिल्म गजनी, आमिर खान के करियर की सबसे बेमिसाल फिल्मों में से एक है जिसमें उनकी परफॉर्मेंस देखने लायक थी. एक्टर का बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन भी हैरान करने वाला था. अपने रोल के लिए आमिर ने बड़ी मेहनत की थी, जो बाद में हमें स्क्रीन पर भी दिखी. लेकिन इस फिल्म में काम करने के लिए वो डायरेक्टर ए आर मुरुगदोस की पहली पसंद नहीं थे. 

सलमान को मिलता रोल

दरअसल मुरुगदोस गजनी फिल्म सुपरस्टार सलमान खान के साथ बनाना चाहते थे. लेकिन प्रदीप रावत इस आइडिया से सहमत नहीं थे. एक बार एक्टर ने खुद सिद्धार्थ कन्नन संग बातचीत में बताया था कि उन्होंने सामने से मुरुगदोस को आमिर खान का नाम सुझाया था. प्रदीप रावत ने कहा था- ए आर मुरुगदोस कहते रहते थे कि मुझे हिंदी में गजनी बनानी है. मैंने अपने दिमाग में सोचा कि सलमान थोड़े जल्दी गुस्सा हो जाते हैं और मुरुगदोस हिंदी या अंग्रेजी नहीं बोलते हैं. उस वक्त उनकी कोई पर्सनैलिटी भी नहीं थी. 

Advertisement

'मैंने सोचा कि इस रोल के लिए आमिर बहुत अच्छी चॉइस होंगे क्योंकि वो शांत दिमाग वाले हैं और हर किसी के साथ बहुत इज्जत से पेश आते हैं. मैंने अपने 25 सालों में कभी नहीं देखा कि आमिर ने किसी के साथ ऊंची आवाज में बात की हो. उन्होंने कभी किसी का अपमान नहीं किया और ना ही गाली दी. तो मैंने सोचा कि नेचर के तौर पर सलमान को आसानी से हैंडल नहीं किया जाएगा या फिर सेट पर बेकार की दिक्कतें पैदा होती रहेंगी.'

बात करें प्रदीप रावत और आमिर खान की, तो गजनी से पहले उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार के साथ सरफरोश और लगान में काम किया हुआ था. ये पहला मौका था जब प्रदीप रावत, आमिर के सामने बतौर विलेन आए थे और वो आते ही छा भी गए. हालांकि अब फैंस उन्हें बहुत मिस करेंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »