हाल ही में एक्टर संजय दत्त को 'भारत में शांति नहीं है' वाले अपने बयान के कारण लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा, क्योंकि यह बयान इंटरनेट पर विवाद का विषय बन गया था़. इसके बाद, जब हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान एक्टर आमिर खान से इस विवाद पर उनकी राय पूछी गई, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया.
आमिर खान हाल ही में बुधवार, 7 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित 'सिनेमा फेस्टिवल 2026' में शामिल हुए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने 'सितारे जमीन पर' फिल्म के बारे में बात की.
इस इवेंट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. एक क्लिप में, एक पत्रकार को आमिर से संजय दत्त के बयान के बारे में पूछते हुए सुना जा सकता है. एक्टर ने 'अरे बाप रे' कहते हुए और हंसते हुए सवाल का जवाब न देने का फैसला किया.
आमिर बुधवार को 'सेलिब्रेट सिनेमा फेस्टिवल 2026' में शामिल हुए, जहां उन्होंने अपनी फिल्म 'सितारे जमीन पर' और सिनेमा में अपने सफर के बारे में बात की. व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल में आयोजित इस तीन दिवसीय फेस्टिवल का मकसद फिल्म निर्माण का जश्न मनाना और छात्रों व उभरते फिल्म निर्माताओं को इंडस्ट्री के जाने-माने लोगों से जुड़ने का मौका देना है.
संजय दत्त ने क्या कहा?
शेखर सुमन के टॉक शो 'शेखर टूनाइट' में संजय ने गांधी जयंती के दिन 'मुन्ना भाई MBBS' वाले अपने किरदार के अंदाज में मजाकिया ढंग से ये बातें कहीं थी. उन्होंने देश के हालात पर बात की और बताया कि उन्हें अब भारत में पहले जैसा सुकून क्यों महसूस नहीं होता? उन्होंने कहा, 'इस देश के लोग बहुत अच्छे हैं. यहां शांति होनी चाहिए. मुझे अब हमारे देश में वो शांति महसूस नहीं होती. हम भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमान-नवाज लोग हैं. हमने बहुत कुछ दिया है और हमें हमेशा ऐसा ही बने रहना चाहिए. मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वो दिन जल्द ही वापस आएं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क