अभिनेता-नेता रवि किशन सोशल मीडिया के ट्रेडिंग स्टार हैं. आए दिन उनका कोई ना कोई वीडियो वायरल होता रहता है. अब उनका नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वो ‘हर हर भोले नमः शिवाय’ गाते हुए दिख रहे हैं. रवि किशन के भक्तिपूर्ण गायन ने लोगों का दिल जीत लिया. वहीं बारीक नजर रखने वाले फैंस की नजर उनकी कलाई पर बंधी शानदार घड़ी पर गई. रिपोर्ट्स की मानें, तो इस घड़ी की कीमत इतनी ज्यादा है कि आप हैरान रह जाएंगे.
रवि किशन का वीडियो वायरल
रवि किशन अपने वायरल वन लाइनर्स से सुर्खियों में रहे हैं. अब वो अपनी महंगी घड़ी को लेकर चर्चा में हैं. वायरल वीडियो में वो ‘हर हर भोले नमः शिवाय’ भजन. गाते दिख रहे हैं. ब्लू शर्ट, सफेद पैंट, और सिल्वर रंग की वॉच में रवि का भक्ति भरा परफॉर्मेंस तेजी से वायरल हुआ. कई लोगों ने उनकी आवाज की तारीफ की, मगर कुछ आंखों ने तुरंत उनकी कलाई पर चमकती लग्जरी टाइमपीस को पहचान लिया.
‘इंसैनली लक्जूरियस इंडियंस’ के अनुसार, एक्टर ने इस वीडियो में Hublot Big Bang Meca-10 पहनी हुई थी. ये स्विस लग्जरी ब्रांड की सबसे खास घड़ियों में से एक है. Hublot Big Bang Meca-10 अपने ओपन-वर्क्ड (स्केलेटन) डायल के लिए जानी जाती है, जिसमें अंदर की बारीक मैकेनिकल बनावट साफ दिखती है. मॉडल और मटीरियल के आधार पर इस घड़ी की कीमत लग्जरी सेगमेंट में आती है. इसके कई वेरिएंट्स की कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा है. ‘अर्बन नेक्स्ट’ के अनुसार, रवि ने जो घड़ी पहनी थी, उसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है.
दिलचस्प बात ये है कि ये पहली बार नहीं है जब रवि किशन की घड़ी ने लोगों का ध्यान खींचा है. इससे पहले लोगों ने उनकी कलाई पर बंधी घड़ी को रिचर्ड मिल RM 11-03 फ्लाईबैक क्रोनोग्राफ के तौर पर पहचाना, हालांकि एक्टर ने आधिकारिक तौर पर इस मॉडल की पुष्टि नहीं की है. कई रिपोर्ट्स और लग्जरी वॉच पेजों के अनुसार, इस घड़ी की कीमत लगभग 2.7 करोड़ रुपये है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क