भोजपुरी सिनेमा के टीआरपी किंग यानी पावर स्टार पवन सिंह फिर चर्चा में हैं. एक तरफ पत्नी ज्योति सिंह से उनके तलाक के केस ने जोर पकड़ा हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर वो इवेंट्स में कुछ ऐसी बातें कहते दिख रहे हैं जिसने बवाल मचा दिया है. पवन ने सीधे तौर पर महिला आर्टिस्ट को शादी के लिए प्रपोज ही कर डाला और कह दिया कि आपके सामने खड़ा हूं चुन लीजिए.
बिन तलाक शादी को तैयार पवन सिंह?
हाल ही में ज्योति ने कई वीडियोज पोस्ट कर अपनी टूटती शादी को बचाने और पति पवन को पाने की तड़प जाहिर की थी. लेकिन वहीं दूसरी पवन इवेंट्स में दूसरी महिला आर्टिस्ट्स से शादी और अफेयर की चर्चा करते दिख रहे हैं. एक और वीडियो सामने आया जहां मंच से पवन ने महिला आर्टिस्ट से शादी को लेकर कई बातें कहीं.
वीडियो में पवन ने उनसे शादी हो गई है का सवाल किया. वहीं साथ ही ये भी जाहिर कर डाला कि कैसे आजकल की लड़कियां भी धोखा देती हैं. एक तरफ तो प्यार का दावा करती हैं दूसरी ओर कोई दूसरा बाबू पटाकर रखती हैं. पवन ने जताया कि रिश्ते में दोनों ओर से सच्चाई हो तभी चलता है.
महिला आर्टिस्ट के कंधे पर हाथ रखते हुए पवन पूछते हैं- आपकी शादी हो गई है? महिला कहती हैं- जी अभी तो नहीं, लड़का ढूंढ रहे हैं- सुंदर, सुशील, टिकाऊ, जुझारू, संस्कारी और कमाऊ. कोई हो तो बताओ. ये सुनते ही पवन कहते हैं- कोई हो तो क्या बताना है, सामने ही दिख रहा है आपके, आप देख लीजिए चुन लीजिए. इसमें क्या है क्या नहीं है. किस चीज की कमी है ये भी बता दीजिए. सांवला हूं, काला हूं. कमासुत हूं ही. सुंदर नहीं हूं. संस्कार है, टिकाऊ भी हूं.
दूसरा बाबू पटाकर रखती हैं लड़कियां- क्या कहना चाह रहे पवन सिंह?
इसके बाद हंसते हुए चिल्लाकर पवन कहते हैं- फैशन के जमाने गारंटी नहीं भैया. सिर्फ वारंटी. पर इतना जरूर बोलूंगा कि ये लड़का टिकाऊ भी है. अब सामने वाला न टिके उसकी बात ही अलग है. लेकिन मैं हूं, मैं टिकाऊ हूं, था और रहूंगा. आजकल लड़कियां भी कम नहीं हैं. यहां बोलती हैं- आई लव यू, बाबू मैं मंदिर से पूजा करके आ रही हूं. लेकिन बाबू के जो बाबू हैं वो मंदिर नहीं, कहीं और चली गईं.
आगे पवन ने समझाया कि अगर कमी ढूंढेंगे तो कहीं भी मिलेगा. लंबा साथ चाहिए तो दोनों को अच्छा रहना पड़ेगा. सिर्फ गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ही नहीं पति और पत्नी के बीच झगड़ा होता है. लेकिन झगड़ा वहीं होता है जहां बहुत प्यार होता है.
हालांकि ये सब एक इवेंट के दौरान की गई मस्ती-मजाक है, लेकिन फैंस इसे उनकी पत्नी ज्योति से जोड़कर देख रहे हैं. एक तरफ जहां ज्योति तलाक न लेने की बात कहती हैं. वो चाहती हैं कि पति पवन के साथ रहें, वहीं एक ओर पवन हैं जो दूसरी महिलाओं से शादी की बातें करते हैं, सरेआम फ्लर्ट करते दिखते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क