भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह जो भी करते हैं, उनके फैंस को वो बेहद पसंद आता है. सुपरस्टार जल्द रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में नजर आने वाले हैं, जिसके प्रोमो में हम उनके पर्दे के पीछे की जिंदगी देख सकते हैं. इसी बीच पवन सिंह को किचन के अंदर खाना बनाते हुए देखा गया.
नए प्रोमो में पवन सिंह अपने साथियों से कह रहे हैं कि वो गांव के अंदर जाकर देसी मुर्गा पकड़कर लेकर आएं, ताकि वो बिहारी स्टाइल चिकन बना सकें. आगे हम एक्टर के कुछ लोगों को मुर्गा पकड़ते हुए भी देख सकते हैं. वो बड़ी कोशिश कर रहे हैं कि उनके हाथ एक मुर्गा आए. इसी बीच किचन के अंदर पवन सिंह प्याज, लहसुन, मिर्ची और धनिया पत्ता काट रहे हैं.
पवन सिंह ने बताई चिकन की रेसिपी
आगे पावर स्टार अपने साथियों से चिकन की रेसिपी भी शेयर करते हैं. वो कहते हैं कि जब वो बिहार स्टाइल चिकन-मटन बनाते हैं, तो उसमें टमाटर नहीं डालते. इसके बाद पवन सिंह थोड़े खड़े और पीसे हुए मसाले डालते दिखते हैं. कुछ देर बाद चिकन भी कटकर उनके पास आ जाता है, जिसे वो कटी हुई सब्जियों और मसालों के अंदर डालकर मिला लेते हैं. चिकन और मसालों को मिक्स करने के बाद, पवन सिंह उसे पैन में डालते हैं जिसके बाद चिकन की भुनाई शुरू होती है.
भोजपुरी स्टार ने इसी दौरान बताया कि खाने में सारा खेल चूल्हे की आंच का होता है. अगर आंच सही होगी, तो खाना बढ़िया पकता है. फिर पवन सिंह अपने दोस्तों के साथ थोड़ी मस्ती-मजाक करते हैं. अंत में जब चिकन पक जाता है, तो उनमें से एक दोस्त कहता है कि वो इसे बाहर जाकर बेचकर आ सकते हैं. ये सुनकर पावर स्टार तुरंत कहते हैं कि अगर उनका खाना बेच देंगे, तो वो क्या खाएंगे.
फैंस को पवन सिंह की कुकिंग काफी पसंद आई है. अपने फेवरेट स्टार को ऐसे खाना बनाते देखना उनके लिए एक नया एक्सपीरियंस जरूर था. लेकिन कुछ लोग इस प्रोमो को देखकर थोड़े नाराज भी हुए. उनका कहना है कि सावन का महीना चल रहा है, ऐसे में चिकन नहीं पकना चाहिए था. चूंकि हिंदू धर्म में सावन का महीना बहुत पवित्र होता है, ऐसे में मांसाहारी खाना ना तो खाया-पकाया जाता है और ना ही उसकी चर्चा होती है.
हालांकि ये प्रोमो जिस एपिसोड का है, वो सावन महीने से काफी पहले शूट हो चुका था. बात करें भोजपुरी बवाल शो की, तो इसमें निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी, नीलम गिरी और तेजप्रताप सिंह जैसे जाने-माने बिहार के सितारे नजर आएंगे. ये शो 2 अगस्त से कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होना शुरू होगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क