उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की नौतनवा विधानसभा सीट से विधायक और वर्तमान बसपा प्रत्याशी अमन मणि त्रिपाठी के लिए प्रचार करने के लिए सोमवार को भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और अभिनेत्री अक्षरा सिह पहुंचे. इस दौरान मंच पर एक युवक पहुंचा और खेसारी लाल का पहले पैर छुआ और फिर जबरन गले लग गया.
तभी मंच पर मौजूद अमन मणि युवक का गला पकड़ कर झटक देते हैं और वहां मौजूद लोग युवक को घेर लेते हैं फिर बीच बचाव होता है और अमन मणि उस लड़के को धक्के मारकर मंच से नीचे उतार देते हैं. इस पूरे घटना क्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अमन मणि के प्रचार में भोजपुरी स्टारों के आने का सिलसिला जारी है.
यहां देखिए वीडियो-
महराजगंज जिले की नौतनवा विधानसभा सीट पर पूरे देश की नजर टिकी है. चर्चित कवयित्री मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में पत्नी मधुमणि समेत आजीवन कारावास की सजा काट रहे बाहुबली नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के बेटे अमन मणि त्रिपाठी इस बार बीएसपी के टिकट पर मैदान में हैं, उन पर भी पत्नी सारा सिह की हत्या का आरोप है.
अमन मणि ने 2017 की विधानसभा चुनाव जेल से ही जीता था और पहली बार विधायक बने थे. तब अमन मणि के जेल में रहते हुए उनका प्रचार प्रसार उनकी बहनें तन्नू मणि त्रिपाठी और अलंकृता मणि त्रिपाठी के कंधों पर था और बहनों ने प्रचार प्रसार करके अमन मणि को विधायक बनाया था, लेकिन इस बार अमन मणि की राह उतनी आसान नहीं है.
भाजपा गठबंधन की निषाद पार्टी से चुनाव लड़ रहे ऋषि त्रिपाठी और धुर विरोधी सपा उम्मीदवार कुंवर कौशल सिह उर्फ मुन्ना सिंह उनको कड़ी टक्कर दे रहे हैं. यहां लड़ाई अब त्रिकोणीय हो गई है.
अमितेश त्रिपाठी