चंडीगढ़ में कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार पंजाब के संगरूर जाएंगे, जहां कांग्रेस की बड़ी रैली होने वाली है. उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल पहले आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों से मौका मांगा था, लेकिन बदले में लोगों को सिर्फ धोखा मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पंजाब को अंधेरे की ओर धकेल रही है.
सचिन पायलट ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अपने नेता भी अब पार्टी छोड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंजाब को फिर से पटरी पर लाने का काम करेगी. राहुल गांधी की पंजाब रैली को लेकर कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस बुधवार पंजाब के संगरूर में बड़ी रैली करने जा रही है. इस रैली में राहुल गांधी मौजूद रहेंगे और आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान की शुरुआत करेंगे.
चन्नी ने कहा कि पिछले पूरे संसदीय सत्र के दौरान राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने बार-बार एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की मांग की, लेकिन बीजेपी ने एक दिन भी इस पर चर्चा नहीं होने दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी इस मुद्दे पर चर्चा की मांग दोहरा रही है, लेकिन सरकार मुख्य मुद्दों पर चर्चा नहीं करती. उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह और प्रधानमंत्री भी लगातार संसद के सत्र में हिस्सा लेने से बचते हैं.
पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि राज्य की स्थिति बद से बदतर हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब प्रभावी रूप से पुलिस स्टेट बन गया है. राज्य में गुंडागर्दी, गैंगस्टरवाद और नशे की समस्या बढ़ रही है. चन्नी ने इन समस्याओं के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में इन सामाजिक समस्याओं को बढ़ावा दिया है. उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाया जाएगा, उतना ही बेहतर होगा.
aajtak.in