'दिल्ली में इनके नेता दंगों के दोषी', जालंधर में पीएम मोदी ने AAP पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि अब बीजेपी सरकार देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के मिशन पर काम कर रही है. शुक्रवार को 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया.

Advertisement
पीएम मोदी ने कहा कि आज जालंधर विकास के उत्सव का हिस्सा बन रहा है. (Photo- Screengrab) पीएम मोदी ने कहा कि आज जालंधर विकास के उत्सव का हिस्सा बन रहा है. (Photo- Screengrab)

असीम बस्सी

  • चंडीगढ़,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:48 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पंजाब के विकास, रेलवे के आधुनिकीकरण और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया. अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने पंजाबी में करते हुए कहा, 'गुरुओं और वीरों की धरती पंजाब पर आकर मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं. आप सभी कैसे हैं?'

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा कि आज जालंधर विकास के उत्सव का हिस्सा बन रहा है. उन्होंने बताया कि इससे पहले हरियाणा के जींद में उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इसके साथ ही जालंधर से अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी 'संत रविदास एक्सप्रेस' की शुरुआत की गई है, जिससे गुरु रविदास के अनुयायियों के लिए वाराणसी की यात्रा आसान होगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र की एनडीए सरकार राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी की प्राथमिकता लोगों का जीवन आसान बनाना है और इसी सोच के साथ बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है.

रेलवे का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले रेलवे की हालत सभी जानते थे. कांग्रेस सिर्फ नई ट्रेनों की घोषणाएं करती रही, लेकिन रेलवे स्टेशनों के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया. रेलवे क्षेत्र में जो काम आज हो रहे हैं, वे 25-30 साल पहले हो जाने चाहिए थे, लेकिन पिछली सरकारों ने इस दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं किए.

Advertisement

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बीजेपी सरकार देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के मिशन पर काम कर रही है. शुक्रवार को 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया. उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत की नई तस्वीर पेश करता है. इसके अलावा मुक्तसर, श्री आनंदपुर साहिब और एसएएस नगर (मोहाली) के रेलवे स्टेशनों का भी आधुनिकीकरण किया गया है.

इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.

AAP सरकार पर तीखा हमला

पीएम मोदी ने कहा कि आज पंजाब में क्या हो रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, गैंगवार और रंगदारी की घटनाएं आम हो गई हैं. यहां तक कि पुलिस थाने भी सुरक्षित नहीं हैं. सबसे बड़ी चिंता यह है कि पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा है क्योंकि नशा तस्कर खुलेआम घूम रहे हैं और युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है.

उन्होंने कहा कि जो लोग देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे, आज पूरा देश उनकी हकीकत देख रहा है. पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कहा कि हाल ही में उनकी पार्टी के एक नेता (ताहिर हुसैन) को दिल्ली की अदालत ने दोषी ठहराया, लेकिन वे उस फैसले पर भी सवाल उठा रहे हैं क्योंकि वे धर्म के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करना चाहते हैं.

Advertisement

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार में एक स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के आरोपों में हटाना पड़ा और कई विधायक भी भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हैं. उन्होंने कहा, 'इस पार्टी की पहचान कट्टर बेईमान की बन चुकी है.'

'केंद्र का पैसा, राज्य सरकार का प्रचार'

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए लाखों करोड़ रुपये दिए, लेकिन राज्य सरकार ने उन पैसों का सही इस्तेमाल नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कर्ज के सहारे चल रही है और उसी पैसे पर ऐश कर रही है. साथ ही केंद्र सरकार की परियोजनाओं पर अपना स्टिकर लगाकर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है.

उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तभी संभव है, जब राज्य में बीजेपी की डबल इंजन सरकार बने.

हरियाणा और दिल्ली का दिया उदाहरण

प्रधानमंत्री ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की बीजेपी सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दे रही है, जबकि पंजाब के किसानों के साथ धोखा हुआ है. उन्होंने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में विकास कार्यों का मॉडल सबके सामने है. उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में महिलाओं के खातों में ₹50,000 की सहायता राशि पहुंच चुकी होगी.

Advertisement

प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अकाली दल इस समय अपने ही अंदरूनी मामलों में उलझा हुआ है और उसे पंजाब की चिंता नहीं रह गई है. सिर्फ BJP ही पंजाब को बदल सकती है. मैं पंजाब के लोगों से कहना चाहता हूं कि जालंधर की खेलों के मामले में एक बड़ी पहचान है. मैं युवाओं से अपील करता हूँ कि वे खेलों से जुड़ें. हम पंजाब को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं. मोदी पंजाब के साथ है.

मंच पर हरभजन समेत ये लोग रहे मौजूद

जनसभा के मंच पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, सांसद अशोक मित्तल, हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए सांसद राजिंदर गुप्ता, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर हरे रंग की पगड़ी पहन रखी थी.

बता दें कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि बीजेपी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की तैयारी कर रही है. यह इस साल फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां की यात्रा के बाद पीएम मोदी का जालंधर का दूसरा दौरा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »