'साबित कर दें यहीं कुर्ता उतार दूंगा...', पवन पांडेय ने यूपी के मंत्री को क्यों दी चुनौती

पंचायत आजतक यूपी के मंच पर बीजेपी और सपा के बीच तीखी बहस हुई. बीजेपी ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को अयोध्या पर सवाल पूछने का अधिकार नहीं है. सपा की ओर से मंच पर मौजूद पवन पांडेय ने दयाशंकर सिंह से कहा कि इन्हें अपने नेताओं से पूछना चाहिए कि मुलायम सिंह को केंद्र ने पद्म विभूषण पुरस्कार क्यों दिया है.

Advertisement
दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा को अयोध्या पर सवाल पूछने का हक नहीं है. (Photo: aajtak) दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा को अयोध्या पर सवाल पूछने का हक नहीं है. (Photo: aajtak)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:14 PM IST

अयोध्या में चढ़ावा चोरी के मामले पर पंचायत आजतक यूपी के मंच पर गरमागरम बहस हुई. इस दौरान चढ़ावा चोरी के मामले को सबसे पहले उठाने वालों में से एक समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय ने कहा कि अगर बीजेपी ये साबित कर देती है कि इस मामले के आरोपियों की समाजवादी पार्टी के नेताओं से बात हुई है तो वे इसी मंच पर कुर्ता उतार देंगे. 

Advertisement

दरअसल आजतक के इस कार्यक्रम में यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चढ़ावा चोरी के आरोपियों में से एक ने नेताजी से 900 बार बात की थी. दयाशंकर सिंह ने कहा, "अयोध्या में चढ़ावा चोरी की जांच हो रही है, SIT गठित हुई है, उनपर कार्रवाई हो रही है, कार्रवाई होगी, अब एक व्यक्ति तो ऐसा है जो इनके नेता जी से 900 बार टेलिफोन पर बात किया है."

इतना सुनते ही सपा नेता पवन पांडेय बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने कहा कि, "दयाशंकर भाई आप इसे साबित कर दीजिए, मैं यहां से कुर्ता उतारकर जाऊंगा. आप साबित करिए कुर्ता उतारकर जाऊंगा, अभी निशिकांत दुबे ने माफी मांगी है, अखिलेश जी को माफीनामा भेजा है."

इस पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि वे मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर ये बात कह रहे हैं. 

Advertisement

पवन पांडेय ने कहा कि आप मेरी चुनौती स्वीकार करिए और इसे साबित करिए, मैं यहीं कुर्ता उतारकर जाऊंगा. 

इस सेशन में अयोध्या में चढ़ावा चोरी पर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई. पवन पांडेय ने कहा कि इन लोगों ने महमूद गजनवी को भी पीछे छोड़ दिया. उसने 17 बार लूटा था. इन लोगों ने 40 दिन में 70 बार लूटा है. 

पवन पांडेय ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट में इतने अधिकारियों के रहते हुए चोरी हुई. सीएम योगी 2  बार अयोध्या आते थे फिर भी चोरी नहीं रुकी. 

दयाशंकर सिंह ने कहा कि इन्हें ये कहने का अधिकार ही नहीं है, ये उस पार्टी से आते हैं जिन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवाई, सरयू का पानी लाल हो गया. राम मंदिर में इनके नेता कभी आए, इनके नेता ने कभी चंदा दिया. इन्हें पूछने का अधिकार नहीं है. ये राम भक्तों के हत्यारे हैं. इन्हें पूछने का अधिकार नहीं है. संसद में नेता जी कहते थे कि वहां राम मंदिर नहीं है, जो आदमी राम मंदिर नहीं मानता है वो क्या चर्चा कर सकता है. 

सपा नेता पवन पांडेय ने कहा कि नृपेंद्र मिश्रा ने बयान दिया है कि गोली चलवाने का काम जिलाधिकारी के आदेश पर हुआ है. उन्होंने दयाशंकर सिंह से कहा कि जरा अपने आका से पूछिएगा कि नेता जी को पद्म विभूषण क्यों दिया. अगर वे गोली चलवाए थे. 

Advertisement

यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने समय से पहले चुनाव की संभावनाओं को खारिज किया और कहा कि हमारा कार्यकाल मई तक है, चुनाव कब होगा ये चुनाव आयोग तय करेगा. राम भक्त आहत हुए हैं इसे स्वीकार करता हूं, लेकिन चुनावी असर नहीं पड़ रहा है. चुनाव में कोई चैलेंज नहीं है. उन्होंने कहा कि शहाबुद्दीन कुरैशी ने कहा कि वक्फ में राम मंदिर से ज्यादा घोटाला हुआ है. लेकिन सिर्फ हिन्दुओं के मसले पर ही क्यों बोला जाता है. 

सपा नेता पवन पांडेय ने कहा कि हम राम के व्यापारी नहीं, राम के पुजारी हैं, हमनें राम के नाम पर वोट नहीं मांगा है, ये काम बीजेपी करती है. चढावा चोरी के बाद इनके मुंह पर जो कालिख पुती है इस वजह से ये मुंह नहीं दिखा रहे हैं. 2024 में अयोध्या की जनता ने इनको खदेड़ दिया, वहां समाजवादी पार्टी का सांसद है. इसी तरह 2027 में भी जनता इनको खदेडेगी. प्रभु राम और हनुमान का आशीर्वाद हमेशा सपा को मिलेगा.

दयाशंकर सिंह ने कहा कि 24 में इन्होंने अफवाह फैलाई कि 400 सीट पाकर मोदी संविधान बदल देंगे. उन्होंने कहा कि मस्जिद में टोपी लगाकर इनके नेता राम भक्त बनते हैं. 

पवन पांडेय ने कहा नेता जी को राम जी का आशीर्वाद था, तभी नेताजी मुख्यमंत्री बने. हम सैफई में मंदिर बना रहे हैं. दयाशंकर सिंह ने कहा कि इनके लिए राम मंदिर सैफई ही है. सपा नेता ने कहा कि चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव जबतक जेल नहीं जाते तब तक कुछ नहीं होगा. दयाशंकर सिंह को आवाज उठानी चाहिए कि राम मंदिर ट्रस्ट में क्षत्रियों को प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिलना चाहिए. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »