नगीना के सांसद, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद शिवपुर विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचे. कार्यकर्ता सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद ने शिवपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी की घोषणा की. उन्होंने मनोज सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित किया है.
चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा करते हुए कहा कि मनोज यादव 'प्रधान' से उनका पुराना संबंध है. वह कई सालों से जब भी वाराणसी या आसपास के जिलों गाजीपुर, चंदौली और मिर्जापुर जाते हैं, तो प्रधान की फॉर्च्यूनर से ही जाते हैं. जब उन्हें पता चला कि वह चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो पार्टी के प्रति उनकी समर्पण भावना को देखते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया.
वहीं, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपके पास वोट है. अगर कोई इसे नोट से खरीदना चाहे, तो उसे मत दीजिएगा. चुनाव के समय आपको तरह-तरह के प्रलोभन दिए जाएंगे, लेकिन अपने समाज के प्रति आप लोग जागरूक रहिएगा.
वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित गौरा बाजार के शंकरपुर में मंगलवार को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी की ओर से बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद शामिल हुए.
मीडिया से बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद हम हर जिले, हर विधानसभा क्षेत्र और हर ग्राम सभा में जाकर लोगों से मिले. 2024 के लोकसभा चुनाव में दो सीटों पर चुनाव लड़ा. नगीना सीट से मुझे जीत हासिल हुई, जबकि डुमरियागंज सीट पर 80 हजार वोट पाकर पार्टी तीसरे नंबर पर रही. उन्होंने आगे कहा कि 2027 में आजाद समाज पार्टी ने कमर कस ली है.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 87 विधानसभा प्रभारी बनाए गए हैं. इन प्रभारियों के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन कराकर उनकी जांच की जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि आज का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन इस बात की गवाही दे रहा है कि मनोज यादव मजबूती से और डंके की चोट पर शिवपुर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. जनता का आशीर्वाद उनके साथ है और वह बहुत अच्छे मतों से जीतेंगे.
गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह जनता के साथ गठबंधन करेंगे. किसी से छिपकर गठबंधन नहीं करेंगे. जो भी गठबंधन होगा, उसके बारे में सबको बताया जाएगा.
aajtak.in