आगामी 21 जून को होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) री-एग्जामिनेशन के दिन भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एक बेहद संवेदनशील और अनूठा फैसला लिया है. राजधानी में परीक्षा केंद्रों के बाहर अपने बच्चों का इंतजार करने वाले अभिभावकों (Parents) को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार सभी 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर 'कूलिंग जोन्स' स्थापित करने जा रही है.
इसके साथ ही, दिल्ली सरकार पहले ही परीक्षा के दिन यानी 21 जून को नीट अभ्यर्थियों (NEET Aspirants) के लिए डीटीसी (DTC) बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा कर चुकी है.
कूलिंग जोन्स में अभिभावकों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों के बाहर बनने वाले इन कूलिंग जोन्स का मकसद धूप और गर्मी में तपते माता-पिता को आराम और राहत देना है. इन जोन्स में निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
आरामदायक बैठने की व्यवस्था यानी धूप से बचाने के लिए शेड और कुर्सियों का इंतजाम होगा.
थकावट दूर करने के लिए अभिभावकों को ओआरएस (ORS) घोल, ठंडा पीने का पानी और नींबू पानी (Lemonade) मुफ्त दिया जाएगा.
यहां आराम करने वाले लोगों के लिए चाय और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए फर्स्ट एड की सुविधा भी मौजूद रहेगी.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले के पीछे के मानवीय पहलू को रेखांकित करते हुए कहा कि जब बच्चे परीक्षा दे रहे होते हैं, तब बाहर इंतजार कर रहे माता-पिता भी एक बड़े मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजरते हैं.
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन अभिभावकों को होने वाली चिंता, गर्मी, बेचैनी और असुविधा पर अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता है. इस मानवीय पहलू को समझते हुए दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित करने का फैसला किया है कि परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के बाहर माता-पिता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.
दिल्ली में परीक्षा केंद्रों का पूरा गणित
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीट री-एग्जाम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दिल्ली में कुल 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनें 69 केंद्र दिल्ली सरकार के स्कूलों में बनाए गए हैं और 28 केंद्र केंद्रीय विद्यालयों में स्थापित किए गए हैं.
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार सामान्य नागरिकों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए पहले से ही पूरी दिल्ली में 85 कूलिंग जोन्स चला रही है, जहां लोगों को शेल्टर, कूलर और पीने के पानी की सुविधाएं दी जा रही हैं. अब परीक्षा के दिन विशेष रूप से 97 नए अस्थायी कूलिंग जोन्स सिर्फ नीट अभ्यर्थियों के अभिभावकों के लिए काम करेंगे.
आजतक एजुकेशन डेस्क