भारत में टैक्स की बात केवल टैक्स रिटर्न में लिखे आंकड़ों तक सीमित नहीं रहती. यह सवाल अब ऑफिस, कैफे और सोशल मीडिया तक भी पहुंच चुका है. लोग अक्सर पूछते हैं कि हम टैक्स क्यों देते हैं? यह सवाल खासतौर पर ऐसे समय में आता है, जब किसी मुश्किल समय में लोगों को सरकारी व्यवस्था से मदद और सुरक्षा की उम्मीद होती है. हाल ही में रेडिट पर एक पोस्ट ने लोगों को एक बार फिर सोच में डाल दिया है. वायरल हो रहे इस पोस्ट में व्यक्ति खुद को उबर का इंजीनियर बता रहा है. लेकिन उसके साथ कुछ हुआ जिससे पढ़ने के बाद हर कोई हैरान है.
सैलरी में गिरावट फिर चली गई नौकरी
पोस्ट शेयर करते हुए इंजीनियर ने दावा किया कि पिछले साल उसकी सैलरी में अचानक गिरावट आई, जिसे उसने सैलरी क्लिफ बताया. इसके बावजूद उसने दावा किया कि उसने पिछले साल 92 लाख टैक्स भरा था... यह आंकड़ा यूजर का अपना दावा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
चार महीने की छुट्टी पर चली गई नौकरी
यूजर ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि इस साल वह बच्चे के जन्म के बाद चार महीने की छुट्टी पर था. इसी दौरान उसे नौकरी से निकाल दिया गया. इस पोस्ट में उन्होंने कंपनी में पितृत्व अवकाश नीति का भी जिक्र किया और दावा किया कि कंपनी की ओर से 18 हफ्ते की आधिकारिक पितृत्व छुट्टी दी जाती है. हालांकि, उसकी नौकरी क्यों खत्म की गई या इसके पीछे क्या वजह है इसे लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है.
बच्चे की जिम्मेदारी के बीच नौकरी जाने की चिंता
यूजर के मुताबिक, उसके घर में बच्चा है और परिवार की मदद के लिए उसके पास कोई सपोर्ट सिस्टम नहीं है. ऐसे में नौकरी जाने के तुरंत बाद नई नौकरी की तलाश शुरू करना उसके लिए आसान नहीं है. उसने कहा कि फिलहाल उसे परिवार और बच्चे की देखभाल पर भी ध्यान देना है. यही वजह है कि उसके लिए नौकरी से मिलने वाला सेवरेंस पेमेंट भी महत्वपूर्ण हो गया है.
सेवरेंस पर टैक्स को लेकर भी जताई नाराजगी
यूजर ने अपनी पोस्ट में सेवरेंस पेमेंट पर टैक्स को लेकर भी नाराजगी जताई. उसने दावा किया कि नौकरी जाने के बाद मिलने वाली रकम पर भी उसे टैक्स देना पड़ सकता है. हालांकि, सेवरेंस पर टैक्स किस तरह लगेगा, यह भुगतान की प्रकृति और लागू टैक्स नियमों पर निर्भर करता है.
भारत छोड़ने का फैसला करूंगा
नौकरी जाने के बाद यूजर ने भारत में अपनी नौकरी और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल उठाए है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उसने कहा कि वह जल्द ही भारत छोड़ने की योजना बना रहा है. उसने अपनी पोस्ट में दूसरे लोगों को भी अपने अनुभव से सीखने की सलाह दी और कहा कि अगर कोई अपने परिवार के लिए बेहतर भविष्य चाहता है तो उसे दूसरे विकल्पों पर विचार करना चाहिए.
क्या यह सिर्फ एक कर्मचारी की कहानी है?
इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर टैक्स, नौकरी की सुरक्षा और हाई-सैलरी वाली नौकरियों को लेकर बहस छेड़ दी है. हालांकि, एक व्यक्ति की सोशल मीडिया पोस्ट से पूरे आईटी सेक्टर या भारत में नौकरी की स्थिति के बारे में कोई सामान्य फैसला नहीं निकाला जा सकता है. इसी वजह से इस खबर में 92 लाख रुपये टैक्स, नौकरी जाने और भारत छोड़ने की योजना जैसी बातों को रेडिट यूजर के दावे और अनुभव के तौर पर ही देखना जरूरी है.
आजतक एजुकेशन डेस्क