हैदराबाद में रोड के पास मिली 9 दिन से लापता महिला की लाश... हाथ-पैर गायब, उलझी मौत की पहेली

हैदराबाद के नागोले में नौ दिन से लापता मंगम्मा की लाश 100 फीट रोड के पास मिली. हैरत की बात है कि लाश के हाथ-पैर गायब थे. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पढ़ें इस सनसनीखेज मामले की पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG) इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:32 PM IST

हैदराबाद के नागोले इलाके में 9 दिन से लापता एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. उसकी लाश 100 फीट रोड के पास एक सुनसान इलाके में मिली. महिला के हाथ और पैर गायब थे. हालांकि पिछले नौ दिनों से ही पुलिस और परिजन उसे तलाश कर रहे थे. अब जिस हाल में उसकी लाश मिली है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि किसी ने बड़ी बेरहमी के साथ उसका कत्ल किया है. 

Advertisement

मृतका की पहचान मणिकेश्वर नगर निवासी मंगम्मा के रूप में हुई है. वह उस्मानिया यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन के इलाके में रहती थी और परिवार की मदद के लिए कैटरिंग का काम करती थी. नागोले इंस्पेक्टर मकबूल जानी के मुताबिक, पुलिस को डायल 100 के जरिए महिला की लाश के बारे में सूचना मिली थी. अरुण नाम का एक व्यक्ति इलाके में खुले में शौच के लिए गया था, तभी उसकी नजर वहां पड़े शव पर पड़ी.

उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने मौका-ए-वारदात से फोरेंसिक सबूत जुटाए और इसके बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके के पास मिले आधार कार्ड की मदद से पुलिस महिला की पहचान करने में कामयाब हुई. पहचान होने के बाद पुलिस ने मंगम्मा के परिवार को इसकी जानकारी दी. 

Advertisement

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, मंगम्मा 29 सितंबर को घर से काम के लिए निकलने की बात कहकर गई थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. काफी समय तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. 

करीब नौ दिन बाद उसकी लाश नागोले के सुनसान इलाके में मिली. जिसकी हालत को लेकर पुलिस ने बताया कि महिला के हाथ और पैर गायब थे. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि महिला की मौत से पहले ही उसके अंग गायब थे या मौत के बाद ऐसा हुआ. 

इंस्पेक्टर मकबूल जानी ने बताया कि इस संभावना की भी जांच की जा रही है कि आवारा कुत्तों या दूसरे जानवरों ने शरीर के अंगों को खा लिया हो. पुलिस ने अभी मौत के सही कारण और इसके पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है.

फिलहाल, पुलिस मंगम्मा की मौत के हालात की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की सही वजह और उसके तरीके का पता चल सकेगा. पुलिस यह भी जांच रही है कि महिला की मौत कैसे हुई और क्या इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश थी. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »