उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं. वहीं, एक घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई है. वाहन में सवार दो अन्य लोगों की तलाश के लिए नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गंगनानी धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की तरफ हुआ. इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे नदी में जा गिरी.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया. पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं. मौके पर पहुंची टीमों ने राहत बचाव अभियान शुरू कर दिया.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने फोन पर ANI से बात करते हुए हादसे की आधिकारिक पुष्टि की. उन्होंने बताया कि पुलिस को गंगनानी के पास एक कार के नदी में गिरने की सूचना मिली थी.
इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया. घटनास्थल पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नदी में संभावित रूप से गिरे लोगों की तलाश के लिए बचाव टीमें जुटी हुई हैं.
शार्दूल गुसाईं के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई इनोवा कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं. इनमें छह लोग गुजरात के रहने वाले हैं, जबकि कार का चालक उत्तराखंड का निवासी बताया गया है. बचाव दल अब तक चार लोगों के शव बरामद कर चुका है. वहीं, एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. वाहन में सवार बाकी दो लोगों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है.
फिलहाल, हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस और संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी.
aajtak.in