Mumbai: बार डांसर निकली 'ड्रग्स क्वीन', आलीशान घर से 6 करोड़ की खेप बरामद, हैरान कर देगा खुलासा

टिटवाला के आलीशान घर से 6 करोड़ की 5 हजार एक्स्टेसी गोलियां बरामद होने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने इस मामले में एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो डांस बार गर्ल से ड्रग्स सप्लायर बन गई. उसकी गिरफ्तारी के साथ ही मुंबई पुलिस ने बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
 इस मामले में पकड़ी गई शातिर महिला से पूछताछ जारी है (सांकेतिक फोटो-ITG) इस मामले में पकड़ी गई शातिर महिला से पूछताछ जारी है (सांकेतिक फोटो-ITG)

दीपेश त्रिपाठी / मिथिलेश गुप्ता

  • मुंबई,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:04 PM IST

महाराष्ट्र के कल्याण में टिटवाला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हाईप्रोफाइल सोसायटी के आलीशान घर से करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद की गई है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो पहले डांस बार में काम करती थी और बाद में ड्रग्स सप्लायर बन गई.

इस कार्रवाई के बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा भी हो गया है. खास बात यह है कि बरामद ड्रग्स की मात्रा और उसकी क्वालिटी ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है.

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई की बात करें तो नेस्को ड्रग्स पार्टी मामले के बाद मुंबई पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया था. इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने टिटवाला स्थित एक पॉश सोसायटी के घर में छापा मारकर करीब 5 हजार एक्स्टेसी गोलियां बरामद कीं. इन गोलियों की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस मामले में ए. पॉल नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया है, जो इस पूरे नेटवर्क का अहम हिस्सा बताई जा रही है.

इस पूरे मामले की शुरुआत साकीनाका से हुई छापेमारी से जुड़ी है. पुलिस ने सबसे पहले 200 एक्स्टेसी गोलियों के साथ इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान उसने सुफियान नाम के एक शख्स का नाम बताया, जो इस रैकेट का अहम कड़ी था. इसके बाद पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं और धीरे-धीरे जांच टिटवाला तक पहुंच गई. इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने ए. पॉल तक पहुंच बनाई.

Advertisement

पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले के मार्गदर्शन में टीम ने लगातार तीन दिनों तक तकनीकी सबूत जुटाए. लोकेशन ट्रैकिंग और सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की गई. आखिरकार टीम टिटवाला स्थित उसके घर तक पहुंची और शनिवार रात छापा मारा गया. जब घर की तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई, जिसे देखकर पुलिस टीम भी चौंक गई.

आरोपी महिला को इस बात का पूरा भरोसा था कि पुलिस उसके घर तक नहीं पहुंच पाएगी. इसी वजह से उसने इतना बड़ा स्टॉक अपने घर में ही छिपाकर रखा था. बरामद एक्स्टेसी गोलियों पर मर्सिडीज और डॉलर जैसे चिन्ह बने हुए थे. इससे पहले नेस्को ड्रग्स पार्टी मामले में भी इसी तरह के चिन्ह वाली गोलियां मिली थीं. इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस रैकेट का संबंध अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से हो सकता है.

पुलिस को आरोपी के पास से 5 मोबाइल फोन और 7 से 8 सिम कार्ड भी मिले हैं. जांच में पता चला है कि वह ड्रग्स सप्लाई के लिए अलग-अलग नंबरों का इस्तेमाल करती थी, ताकि पुलिस को ट्रैक करने में मुश्किल हो. फिलहाल पुलिस इन सभी मोबाइल और सिम कार्ड के डेटा की जांच कर रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि इससे इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और बड़े सप्लायर का खुलासा हो सकता है.

Advertisement

आरोपी की पृष्ठभूमि भी काफी चौंकाने वाली है. जांच में सामने आया है कि ए. पॉल पहले डांस बार में काम करती थी और धीरे-धीरे ड्रग्स सप्लाई के धंधे में शामिल हो गई. उसकी दो शादियां हो चुकी हैं और उसके एक पति का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों और नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि इस रैकेट के अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. अंमली पदार्थ विरोधी विभाग ने जांच तेज कर दी है और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद यह साफ हो गया है कि मुंबई और उसके आसपास ड्रग्स नेटवर्क काफी गहराई तक फैला हुआ है. पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने की तैयारी में है.

एंटी नारकोटिक्स सेल की इस कार्रवाई को शहर में ड्रग्स के खिलाफ चल रही लड़ाई में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement