गुजरात के बनासकांठा जिले के वाव-थराद इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां विवाहेतर संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक और आरोपी महिला के कुल नौ बच्चे हैं. इनमें आठ बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि चार छोटी बेटियां और एक छोटा बेटा अब माता-पिता दोनों के सहारे से वंचित हो गए हैं. पिता की हत्या हो चुकी है और मां हत्या के आरोप में जेल पहुंच गई है. इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है
जानकारी के मुताबिक, गणेशपुरा गांव में रहने वाले गमाभाई ठाकोर पिछले चार साल से अपने परिवार के साथ खेतों में मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे. 8 जुलाई को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और थराद पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआत में मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया.
शादी के बाद था प्रेम संबंध
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी नर्मदा उर्फ नबाबेन का गांव के ही प्रेमजी पटेल के साथ विवाहेतर संबंध था. पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन गमाभाई खेत जोतने के बाद देर शाम घर लौटे. घर पहुंचने पर उन्होंने अपनी पत्नी को प्रेमजी पटेल और मुकेश ठाकोर के साथ देखा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
खाट पर लिटाया और रस्सी से गला घोंट दिया
पुलिस का कहना है कि झगड़े के दौरान नर्मदा ने लकड़ी के तख्ते से गमाभाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद नर्मदा, प्रेमजी पटेल और मुकेश ठाकोर ने मिलकर उन्हें खाट पर लिटाया और रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए अगले दिन आरोपियों ने परिवार और गांव के लोगों को बताया कि गमाभाई की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है.
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया. मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर थराद पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया. इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
दियोदर के डीवाईएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मिले सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश का खुलासा हुआ. फिलहाल तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या विवाद के दौरान यह वारदात हुई.
ब्रिजेश दोशी