दिल्ली से सटे गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में मौजूद एक होटल में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. भूड़ रेलवे रोड के पास अंश होटल के एक कमरे में युवती की लाश फंदे से लटकी मिली. इसके बाद वहां हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, सुंदरपुरी निवासी करीब 18-19 वर्षीय युवती गुरुवार दोपहर एक युवक के साथ अंश होटल पहुंची थी. दोनों ने होटल में एक कमरा लिया और वहां ठहरे थे. दिनभर सब सामान्य रहा, लेकिन देर रात होटल कर्मचारियों को कमरे के अंदर कुछ संदिग्ध दिखाई दिया. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे होटल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि कमरे के अंदर युवती फंदे से लटकी हुई है. सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होना पड़ा.
पुलिस ने कमरे में पहुंचकर युवती को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. साथ ही मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतका हिंदू समुदाय से थी, जबकि उसके साथ होटल में ठहरा युवक मुस्लिम समुदाय का बताया जा रहा है. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पाण्डेय ने बताया कि होटल कर्मचारियों द्वारा सूचना दी गई थी कि एक युवती ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली है. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि युवक से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
मयंक गौड़