'घर में झाड़ू लगाता, बर्तन मांजता... कारोबारी ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी पर लगाया टॉर्चर का आरोप

हरियाणा के फरीदाबाद में 28 वर्षीय कारोबारी राहुल ने दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले इंस्टाग्राम वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के आरोप लगाए. राहुल ने अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने भी लंबे समय से प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है.

Advertisement
फरीदाबाद में 28 साल के एक व्यापारी ने अपनी दुकान के अंदर खौफनाक कदम उठाया. Photo Screengrab फरीदाबाद में 28 साल के एक व्यापारी ने अपनी दुकान के अंदर खौफनाक कदम उठाया. Photo Screengrab

सचिन गौड़

  • फरीदाबाद,
  • 28 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:07 PM IST

हरियाणा के फरीदाबाद में 28 वर्षीय कारोबारी राहुल ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह राहुल अपने घर से मां से मुलाकात कर अपनी रेडीमेड कपड़ों की दुकान के लिए निकला था. कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि उसने दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.

घर में बर्तन साफ करता, झाड़ू लगाता
आत्महत्या से पहले जारी किए गए इंस्टाग्राम वीडियो में राहुल ने अपनी पत्नी ज्योति, सास वीना, ससुर बिट्टू और साली नीतू पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. उसने दावा किया कि वह घर के सभी काम, जैसे झाड़ू लगाना और बर्तन साफ करना भी करता था, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराए गए. राहुल ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रहा था.

Advertisement

ससुराल पक्ष को ठहराया जिम्मेदार
वीडियो में राहुल ने यह भी कहा कि उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उसने अपनी अंतिम इच्छा भी व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति उसकी मां, बहन और भाइयों को दी जाए.

ज्योति से प्रेम विवाह
राहुल के परिजनों के मुताबिक, उसने करीब दो वर्ष पहले ज्योति से प्रेम विवाह किया था. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसकी पत्नी नहीं चाहती थी कि वह अपने माता-पिता के साथ रहे, जिसके बाद राहुल अलग रहने लगा. परिजनों का कहना है कि उसने करीब चार महीने पहले ही कपड़ों की नई दुकान शुरू की थी.

राहुल लंबे समय से मानसिक तनाव में था
राहुल के परिजन अमित ने आरोप लगाया कि पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना के कारण राहुल लंबे समय से मानसिक तनाव में था. उनका यह भी कहना है कि राहुल की पत्नी ने उसके खिलाफ एक मामला भी दर्ज कराया था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई थी. परिवार का आरोप है कि उसे अपने माता-पिता से मिलने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी.

मामले के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों की तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »