दिल्ली के रोहिणी में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़... रवि भारद्वाज हत्याकांड के दो आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. जिसमें दो आरोपियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. ये आरोपी बवाना मर्डर केस और गैंग रंजिश से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं. जानें इस एनकाउंटर और उसके पीछे की कहानी.

Advertisement
पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 बदमाशों को पकड़ा है (सांकेतिक फोटो) पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 बदमाशों को पकड़ा है (सांकेतिक फोटो)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:26 PM IST

दिल्ली के बाहरी इलाके रोहिणी में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. यह मुठभेड़ रोहिणी सेक्टर-28 इलाके में हुई, जहां पुलिस को मर्डर केस में वांछित अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंजाम दिया.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इन आरोपियों की तलाश एक हत्या के मामले में थी. 19 मार्च को बवाना के हरेवली गांव में रवि भारद्वाज नाम के शख्स की उसके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हमले में उनके पिता समेत तीन अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हो गए थे. पुलिस जांच में सामने आया कि यह वारदात गैंग रंजिश का नतीजा थी, जिसमें कई अपराधी शामिल थे.

पीटीआई के मुताबिक, इस हत्याकांड के सिलसिले में गुरुवार को एक बड़ी गिरफ्तारी भी हुई थी. बिहार के बेगूसराय से 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था, जिसे इस मामले का मुख्य शूटर बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, यह आरोपी वारदात के समय मौके पर मौजूद था और उसने ही फायरिंग की थी. इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अन्य आरोपियों के ठिकानों की अहम जानकारी मिली.

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों में एक का नाम आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुद्दी है, जो दिल्ली के नांगल ठाकरण का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, वह कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है. यह गैंग पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और दिल्ली-एनसीआर में इसकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. इस गैंग की गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि रोहिणी में हुई मुठभेड़ के दौरान कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें से दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी हाल ही में बवाना इलाके में हुए मर्डर केस में शामिल थे. फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement