किडनैपिंग के बाद 13 साल के रोहित की मिली लाश, गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल

कर्नाटक के अंजनत्ती गांव में लापता 13 साल के रोहित की संदिग्ध हालात में जंगल में मौत से सनसनी फैल गई. बुधवार रात से लापता रोहित के परिजन पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे थे. अब रोहित का शव ओगनेकल रोड के पास जंगल में मिला है. पुलिस ने दो रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद शव बरामद किया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement
बच्चे का शव मिलने के बाद लोगों ने किया प्रदर्शन बच्चे का शव मिलने के बाद लोगों ने किया प्रदर्शन

प्रमोद माधव

  • बेंगलुरु,
  • 03 जुलाई 2025,
  • अपडेटेड 8:06 PM IST

कर्नाटक के कृष्णगिरि जिले के अंजनत्ती गांव से लापता हुए 13 साल के रोहित का शव शनिवार को ओगनेकल रोड स्थित एक घने जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. यह मामला बुधवार रात तब शुरू हुआ जब रोहित के परिजनों ने बताया कि उसे अज्ञात लोगों द्वारा अगवा कर लिया गया है.

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात रोहित अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद गांव में अफरातफरी मच गई. उन्होंने दावा किया कि अगवा करने वाले लोग एक वाहन में थे, जिसने पास के पेट्रोल पंप पर ईंधन भी भरवाया था. स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिन्हें अगवा करने वाले का सहयोगी बताया गया था.

Advertisement

अंजनत्ती बस स्टैंड पर इसको लेकर सौ से अधिक लोगों ने प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नाराज़गी जताई. लोगों का आरोप था कि रोहित के लापता होने की जानकारी देने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता से कोई कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा यह हुआ कि एक मासूम की जान चली गई.

इस बीच, पुलिस ने रोहित के दो रिश्तेदारों से गहन पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने ओगनेकल रोड के पास के जंगल क्षेत्र में रोहित का शव बरामद किया. शव की हालत देख कर शुरुआती तौर पर इसे हत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

इस सनसनीखेज हत्या को लेकर जिले के एसपी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »