तेल कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है. घरेलू सिलेंडर यानी रसोई के लिए यूज किए जाने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर के दाम में करीब एक साल के बाद बढ़ोतरी की गई है, जो 60 रुपये महगा हो चुका है. साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है. 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़े हैं. IOCL (इंडियन ऑयल) की वेबसाइट पर नए रेट्स को अपडेट कर दिया गया है और ये तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएंगे.
14.2kg वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इस हिसाब से देखा जाए तो दिल्ली में 14.2 kg वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है. कोलकाता में रेट 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये हो चुका है, जबकि चेन्नई में यह 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गया है.
इसी तरह, 19 kg वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपये बढ़ी है. अब दिल्ली में 19 kg वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत अब 1883 रुपये और मुंबई में 1835 रुपये हो चुकी है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये हो चुकी है. चेन्नई में यह 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है. कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का मतलब होटल, रेस्टोरेंट और फूड स्टोर्स बिजनेस पर इसका असर होगा.
क्या मिडिल ईस्ट में तनाव की वजह से बढ़े दाम?
अक्सर देखा जाता है कि कमर्शियल और रसोई LPG के दाम महीने के एक तारीख को ही बढ़ जाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ. 7 मार्च को एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है. यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है, जब मिडिल ईस्ट देशों में काफी तनाव है और गैस की सप्लाई बाधित है.
होर्मुज जलडमरू मार्ग भी बंद है, जिस रास्ते से भारत गैस का 80 से 90 फीसदी तक हिस्सा लेकर आता है. ऐसे में अचानक से LPG के दाम में बढ़ोतरी होना, सरकार के एतिहात के तौर पर देखा जा रहा है. ताकि एलपीजी का रिजर्व बना रहे और सप्लाई में किसी भी तरह की समस्या ना आए.
भारत के पास कितने दिन का रिजर्व
कुछ रिपोर्ट्स यह भी दावा कर रहीं हैं कि भारत के पास गैस का रिजर्व 12 दिनों का ही बचा हुआ है. वहीं भारत सरकार ने तेल कंपनियों को निर्देश भी दिया है कि वह एलपीजी के प्रोडक्शन को अधिकतम करें. ताकि सप्लाई बाधित ना हो. बता दें देश में 33.2 करोड़ के करी एक्टिव यूजर्स हैं.
क्या और भी बढ़ेंगे दाम?
उधर, कतर के ऊर्जा मंत्री (साअद अल-काबी) ने चेतावनी दी है कि युद्ध अगर लंबा चलता है तो दुनिया में बड़ा संकट आ सकता है. साथ ही कच्चे तेल के दाम में रिकॉर्ड उछाल देखी जा सकती है और यह 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है. इसका मतलब है कि गैस भी बाधित हो सकती है और इसके दाम में और भी इजाफा होने की संभावना बढ़ सकती है.
आजतक बिजनेस डेस्क