एक ओर जहां मंगलवार को शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, तो वहीं दूसरी ओर कमोडिटी मार्केट में भी सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा बदलाव (Gold-Silver Rate Change) देखने को मिला है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर वायदा चांदी की कीमत में लगातार दूसरे दिन उछाल आया है और ये पिछले बंद के मुकाबले 2000 रुपये से ज्यादा चढ़कर 2.20 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई है. हालांकि, इस तेजी के बाद भी 1 Kg Silver अपने हाई से करीब 2 लाख रुपये सस्ती मिल रही है. दूसरी ओर सोने का भाव भी उछला है.
चांदी अचानक 2.20 लाख के पार
वायदा कारोबार में ये लगातार दूसरा दिन है जब चांदी की कीमत में उछाल देखने को मिला है. बीते कई दिनों तक भारी गिरावट के बाद आखिरकार इस कीमती धात ने फिर से रफ्तार पकड़ी है. बीते कारोबारी दिन सोमवार को Silver Price ग्रीन जोन में 2,18,400 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुआ था. वहीं मंगलवार को जब मार्केट में कारोबार की शुरुआत हुई, तो 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी एक झटके में उछलकर 2,20,782 रुपये पर जा पहुंची.
दो दिन की तेजी, फिर भी हाई से इतनी सस्ती
भले ही एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में तेजी आई हो, लेकिन इसके बावजूद Silver Price अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से काफी कम बना हुआ है. बता दें कि इस साल जनवरी महीने के आखिरी हफ्ते में MCX पर वायदा चांदी का भाव सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पहली बार 4 लाख रुपये के पार निकला था और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का हाई लेवल छुआ था. अब इस हाई से तुलना करें, तो चांदी 1,99,266 रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है.
Gold का रेट भी उछला
मंगलवार को न सिर्फ चांदी, बल्कि इसके कदम से कदम मिलाकर चलते हुए वायदा सोने की कीमत ने भी छलांग लगाई है. एमसीएक्स पर 5 अगस्त की एक्सपायरी वाले 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का रेट भी ओपनिंग के साथ ही 1000 रुपये से ज्यादा बढ़ गया. बीते कारोबारी दिन वायदा सोना 1,41,388 रुपये प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ था और इसमें ट्रेड शुरू होते ही अब ये 1,4,390 रुपये पर पहुंच गया है.
दो दिन में इतना बदला सोना-चांदी का भाव
जैसा कि बताया दो दिनों से सोना-चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है. इस दौरान भाव में आए बदलाव पर गौर करें, तो बीते शुक्रवार को सोना 1,40,906 रुपये पर बंद हुआ था और इस हिसाब से अब तक ये दो दिन में अब तक 1484 रुपये प्रति 10 ग्राम उछल चुका है. वहीं चांदी 2,16,403 रुपये के शुक्रवार के बंद से 4379 रुपये प्रति किलो उछल चुकी है.
(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क