दिवाली त्योहार से ठीक पहले गुजरात सराकर ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है. राज्य के 9.69 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते में 3 फीसदी का इजाफा करने की मंजूरी दे दी गई है. यह फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 3 फीसदी महंगाई भत्ता में बढ़ोतरी का ऐलान किया था.
राज्य सरकार की ओर से बढ़ाया गया 3 फीसदी महंगाई भत्ता 1 जुलाई से प्रभावी माना जाएगा. इस बढ़ोतरी के बाद गुजरात के कर्मचारियों का भी महंगाई भत्ता बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा और जुलाई से जोड़कर एकसाथ महंगाई भत्ता दिया जाएगा. राज्य सरकार के प्रवक्ता मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इस फैसले के बारे में जानकारी दी है.
9.69 लाख से अधिक परिवारों को लाभ
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में केंद्र सरकार के अनुरूप 3 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है. महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी का लाभ 1 जुलाई, 2026 से लागू होगा. छठे और सातवें वेतन आयोग का लाभ प्राप्त कर रहे राज्य सेवा, पंचायत सेवा और अन्य संस्थाओं के कुल 4.62 लाख कर्मचारियों और लगभग 5.07 लाख रिटायर्ड कर्मचारियों यानी कुल 9.69 लाख से अधिक परिवारों को इस फैसले का सीधा लाभ मिलेगा.
1569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ
त्योहारों का उत्सव और अधिक आनंदमय बने, इसके लिए जुलाई-2026 से अक्टूबर-2026 तक की 4 महीने की अंतर राशि का भुगतान एक ही किस्त में किया जाएगा. एरियर की यह राशि नवंबर-2026 के वेतन के साथ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के खातों में जमा कर दी जाएगी. राज्य सरकार कर्मचारियों को 4 महीने के एरियर के तौर पर कुल 523 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी.
इसके अलावा, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के कारण राज्य सरकार पर सालाना 1569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा.राज्य के सुशासन (गुड गवर्नेंस) में दिन-रात समर्पित भाव से सेवा करने वाले कर्मयोगियों की खुशहाली और उनके त्योहारों का आनंद दोगुना करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार प्रतिबद्ध है.
ब्रिजेश दोशी