पीएफ के ब्याज (PF Interest) और इसके क्रेडिट प्रोसेस को लेकर लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बड़ा अपडेट इसी हफ्ते आया. सरकार की ओर से पीएफ का ब्याज क्रेडिट (PF Interest Credit) करने की मंजूरी दे दी गई है. रिपोर्ट के अनुसार, इसी महीने यानी जून EPF अकाउंट में ब्याज का पैसा क्रेडिट किया जा सकता है.
गौरतलब है कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दी है. नौकरीपेशा लोगों को अपने EPF खाते को चेक करते रहना चाहिए. इससे उन्हें वित्तीय प्लानिंग करने में मदद मिलती है. PF Balance Check करने के लिए कई ऑप्शन मिले हुए हैं, जिनसे फटाफट ये जानकारी आप पा सकते हैं.
खाते में कब क्रेडिट होगा PF ब्याज?
बीते गुरुवार को आई पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, श्रम मंत्रालय द्वारा ईपीएफओ को इस महीने ही ग्राहकों के खातों में ब्याज का पैसा जमा करने का निर्देश दिया जा सकता है. 8.25% पीएफ ब्याज दर को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में 2 मार्च को CBT की बैठक में मंजूरी मिली थी. ये लगातार तीसरा साल है जबकि लेबर ईपीएफओ की ब्याज दर स्थिर रखी गई है.
क्यों चेक करते रहें PF खाता?
PF खाते में मौजूद बैलेंस, ब्याज क्रेडिट के बारे में अपडेट रहना जरूरी है और इसके लिए समय-समय पर खाते को चेक करते रहना चाहिए, इसससे आप अपने भविष्य के लिए फाइनेंशियल प्लानिंग बेहतर तरीके से कर पाएंगे. अगर आपको कभी इमरजेंसी फंड की जरूरत पड़ेगी, तो आपको पता होगा कि आपके PF खाते से कितना पैसा है और कितना निकाल सकते हैं.
कई तरीकों से चेक कर सकते हैं बैलेंस
EPF खाते में जमा राशि को आप कई तरह से चेक कर सकते हैं. अगर आपका UAN और मोबाइल नंबर EPFO के साथ रजिस्टर्ड है, तो आप सिर्फ एक SMS भेजकर अपने खाते की जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके अलावा उमंग ऐप (Umang App), ईपीएफओ सदस्य ई-सेवा पोर्टल (EPFO E-Service Portal), मिस्ड कॉल सेवा (Missed Call Service) के जरिए स्टेटस जांच सकते हैं.
SMS भेजकर जानें बैलेंस: एसएमएस के जरिए पीएफ खाते का बैलेंस चेक करने के लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के मैसेज बॉक्स में जाकर EPFOHO और UAN फिर भाषा लिखकर मोबाइल नंबर 7738299899 पर SMS करना होगा. इसके तरीके को उदाहरण के तौर पर समझें, तो आप इंग्लिश में अपने EPF की खाते की डिटेल्स पाने के लिए EPFOHO UAN ENG टाइप करेंगे. इसके बाद मैसेज के जरिए आपके पीएफ खाते के बैलेंस की जानकारी आपको मिल जाएगी.
ऑनलाइन बैलेंस चेक : ऑनलाइन पीएफ बैलेंस चेक के लिए https://passbook.epfindia.gov.in/MemberPassBook/Login को अपने मोबाइल या लैपटॉप के ब्राउजर में ओपन करें. इसके बाद अब UAN नंबर और पासवर्ड डाले. फिर कैप्चा कोड भरें. अब आपके सामने एक नया पेज खुलकर आएगा. इस पेज पर ड्रॉप डाउन लिस्ट से अपना पीएफ नंबर सेलेक्ट करें. इसके बाद आपके सामने पीएफ अकाउंट की डिटेल्स खुल जाएगी.
UMANG App में चेक करें: इसके लिए सबसे पहले UMANG App डाउनलोड करना होगा. लॉगइन करके ऑल सर्विस सेक्शन में जाएं. अब EPFO सर्च करके, एम्प्लॉई सेंट्रिक सर्विसेस ऑप्शन चुनें, इसके बाद दिख रहे View Passbook विकल्प पर क्लिक करें, इसके बाद अपना UAN भरें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालें, फिर बैलेंस सामने दिख जाएगा.
मिस्ड कॉल से PF बैलेंस: अगर मिस्ड कॉल करके भी पीएफ खाते में मौजद रकम के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके लिए आप अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 नंबर मिलाएं, दो घंटी के बाद ऑटोमटिक कॉल कट हो जाएगी और इस मिस्ड कॉल प्रोसेस के बाद आपके फोन पर SMS के जरिए पीएफ खाते का बैलेंस बता दिया जाएगा.
आजतक बिजनेस डेस्क