एक ओर जहां इस हफ्ते की शुरुआत के साथ ही शेयर बाजार में दनादन गिरावट (Stock Market Crash) देखने को मिल रही है और सेंसेक्स-निफ्टी के हर रोज टूटने का सिलसिला जारी है. बुधवार को भी Sensex 600 अंक से ज्यादा, तो Nifty 180 अंक से अधिक की गिरावट लेकर कारोबार कर रहा है, ये लगातार तीसरा दिन है, जब शेयर बाजार में भूचाल देखने को मिला है. जबकि दूसरी ओर कमोडिटी मार्केट में सोना-चांदी गदर मचाए हुए हैं. एमसीएक्स पर चांदी की कीमत तीन दिन में अब तक 10,000 रुपये प्रति किलो से ज्यादा महंगी हो चुकी है.
MCX पर रुक नहीं रही चांदी
सबसे पहले चांदी की कीमत पर नजर डालते हैं, जो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर कारोबार के दौरान थमने का नाम नहीं ले रही है. तीन दिनों से लगातार इसके भाव में तेजी आ रही है. 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली Silver का वायदा भाव बीते कारोबारी दिन 2,23,779 रुपये पर बंद हुआ था और बुधवार को खुलने के साथ ही ये 2,26,892 रुपये जा पहुंची.
वहीं तीन दिनों में चांदी की कीमत में आई गिरावट को देखें, तो बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 1 Kg Silver Price 2,16,403 रुपये पर बंद हुआ था और यहां से अब तक ये कीमती धातु 10,489 रुपये महंगी हो चुकी है.
सोना भी लगातार चमक रहा
न सिर्फ चांदी के वायदा भाव में तेजी देखने को मिल रही है, बल्कि सोना भी लगातार महंगा होता जा रहा है. तीन दिनों में MCX Gold Rate 1,40,906 रुपये प्रति 10 ग्राम से उछलकर 1,44,883 रुपये पर पहुंच गया है और इस हिसाब से 10 Gram 24 Karat Gold Rate 3977 रुपये बढ़ गया है. बीते कारोबारी दिन 5 अगस्त की एक्सपायरी वाली ये पीली धातु 1,41,388 रुपये पर बंद हुई थी.
अभी भी हाई से इतना सस्ता गोल्ड-सिल्वर
भले ही सोना-चांदी की कीमतों में लगातार तेजी का सिलसिला जारी है, लेकिन इसके बावजूद ये दोनों कीमती धातुएं अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से काफी सस्ती मिल रही हैं. बता दें कि वायदा कारोबार में चांदी की कीमत जनवरी महीने के अंत में 4,20,048 रुपये पर पहुंची थी और यहां से अभी भी ये 1,93,156 रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है. वहीं सोना 2 लाख के पार के अपने हाई से फिलहाल 50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता है.
(नोट: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क