'रिच डैड पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन कुछ न कुछ दिलचस्प पोस्ट करते रहते हैं. इनमें वे अमेरिकी डॉलर को नकली करेंसी करार देते हैं, तो ज्यादातर पोस्ट में सोना-चांदी और बिटक्वाइन जैसी क्रिप्टोकरेंसी को अमीर बनने का जरिया बताते हैं. अब उनकी एक नई पोस्ट ट्विटर (अब X) पर वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने निवेशकों को बड़ा अलर्ट करते हुए बताया है कि कौन लोग गरीब हो जाते हैं और कौन अमीर.
नकली डॉलर पर किया अलर्ट
Robert Kiyosaki ने अपनी नई वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में एक बार फिर अमेरिकी डॉलर पर निशाना साधा है. उन्होंने इसकी शुरुआत ज्यादा नकली डॉलर छापने से की है और लिखा, 'US ट्रेज़री ने QE (क्वांटिटेटिव ईजिंग) यानी नकली डॉलर छापने के एक और दौर का ऐलान किया है, DXY (डॉलर की खरीदने की ताकत का इंडेक्स) गिर जाता है, जिसका मतलब है कि महंगाई तेजी से बढ़ती है और इसका सीधा मतलब है कि नकली डॉलर बचाने वाले सबसे ज्यादा नुकसान उठाते हैं. नुकसान उठाने वाले न बनें.'
'ऐसे लोग हो जाते हैं गरीब'
अपनी नई पोस्ट में रॉबर्ट कियोसाकी ने आगे लिखा, 'अगर आपको लगता है कि फाइनेंशियल एजुकेशन महंगी है, तो फाइनेंशियल जानकारी न होने की कीमत क्या है? असल बात यह है कि जो समझदार निवेशक ऐसी एसेट्स में निवेश करते हैं जिनकी कीमत बढ़ती है और इनमें सोना, चांदी, बिटकॉइन, कुछ रियल एस्टेट शमिल हैं, इनमें निवेश के जरिए वे और अमीर होते जाते हैं. वहीं जो लोग फाइनेंशियली जागरूक नहीं होते और नकली एसेट्स जैसे डॉलर को बचाते हैं, वो गरीब होते जाते हैं.'
तेजी से Viral हो रहा ये पोस्ट
'Rich Dad Poor Dad' के लेखक ने आगे कहा कि आप हर दिन फाइनेंशियली ज्यादा समझदार बनते जा रहे हैं. जैसा कि मेरे अमीर डैड अक्सर कहते थे कि आपका सबसे बड़ा खर्च वह समय और पैसा नहीं है, जो आप अपनी फाइनेंशियल एजुकेशन पर खर्च करते हैं, बल्कि आपका सबसे बड़ा खर्च वह पैसा है जो आप कमाते ही नहीं हैं. अपना ख्याल रखें.
कियोसाकी का ये सोशल मीडिया पोस्ट उनकी तमाम पोस्ट के जैसा ही तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें कि उनकी हर ज्यादातर पोस्ट में सोना-चांदी में निवेश सबसे ऊपर रहता है, चांदी को तो रिच डैड पुअर डैड के राइटर अमीर बनने का सबसे बड़ा जरिया बताते हुए नजर आते हैं.
आजतक बिजनेस डेस्क