प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) से संबंधित एक मामले में अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता ग्रुप के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन सोमवार से शुरू हुई और मंगलवार को भी जारी रही.
ईडी के अधिकारियों ने PTI को बताया कि ग्लोबल माइनिंग कंपनी वेदांता लिमिटेड के दिल्ली, मुंबई और राजस्थान के उदयपुर में स्थित परिसरों की तलाशी ली गई. ED ने यह जांच वेदांता ग्रुप के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के नागरिक प्रावधानों के तहत की है. जांच का मुख्य केंद्र बिंदु समूह के विदेशी वित्तीय लेन-देन और सीमा पार धन के ट्रांसफर में कथित अनियमितताएं हैं.
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय कंपनी वेदांता लिमिटेड की लंदन स्थित मूल कंपनी वेदांता रिसोर्सेज द्वारा 2023 में ब्रांड शुल्क का एक हिस्सा वेदांता लिमिटेड को वापस करने का एक मामला संघीय जांच एजेंसी की निगरानी में है.
कंपनी दे रही पूरा सहयोग
अधिकारियों ने कहा कि चल रही जांच में ग्रुप की कुछ अन्य यूनिट की भी जांच की जा रही है. वेदांता के एक प्रवक्ता ने PTI को ED की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है और मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रही है.
कंपनी के प्रवक्ता ने क्या कहा?
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी सभी लागू कानूनों और विनियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है. फिलहाल यह मामला अभी नियामक प्रक्रिया के अधीन है, इसलिए इसपर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते. वेदांता लिमिटेड मेटल, महत्वपूर्ण खनिज और टेक्नोलॉजी की एक टॉप ग्लोबल उत्पादक कंपनी है. कंपनी का ऑपरेशन पूरे भारत, अफ्रीका, मिडिल ईस्ट और ईस्ट एशिया में फैला हुआ है.
डीमर्जर के बाद लिस्ट होने की तैयारी
कंपनी के बोर्ड ने हाल ही में वेदांता कंपनियों के डीमर्जर को मंजूरी दी है, जिन्हें चार अलग-अलग यूनिट्स के रूप में लिस्ट करने की योजना है. ये चार कंपनियां वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (VAML), तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL), माल्को एनर्जी लिमिटेड (MEL), और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (VISL) हैं.
शेयर में आई गिरावट
इस खबर के आने के बाद शेयर बाजार में वेदांता लिमिटेड के शेयरों पर दबाव देखा गया. मंगलवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त बनाने के बाद, दोपहर में ईडी की सर्च ऑपरेशन की खबर आते ही वेदांता का शेयर करीब 1.5% तक टूटकर ₹332.3 के आसपास आ गया.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
मुनीष पांडे